Brazilian Man AI Girlfriend: ब्राजील में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां 49 साल का एक शख्स सोशल मीडिया पर मिली महिला को अपना जीवनसाथी मान बैठा। वह उससे शादी करने की उम्मीद में अपना सामान बेचकर करीब 1,200 मील दूर पहुंच गया। लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसे पता चला कि जिस महिला से वह प्यार करता था, वह असल में कोई इंसान नहीं, बल्कि AI से बनाई गई एक महिला थी। इस सच्चाई के सामने आने के बाद उसकी सारी उम्मीदें टूट गईं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस शख्स का नाम एडिमार मार्टिंस है। वह ब्राजील के मारान्याओ राज्य का रहने वाला है और पेशे से राजमिस्त्री है। मार्टिंस ने बताया कि साल 2020 में उसकी मुलाकात सोशल मीडिया पर जेसिका ओलिवेरिया नाम के एक अकाउंट से हुई थी। धीरे-धीरे वह इस अकाउंट पर दिखाई देने वाली महिला को पसंद करने लगा। उसे लगा कि दोनों के बीच एक खास रिश्ता बन गया है। मार्टिंस को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह जिस महिला से बातचीत कर रहा है, वह असल जिंदगी में मौजूद ही नहीं है। वह उसे अपनी जिंदगी का साथी मानने लगा था और उससे आमने-सामने मिलने की इच्छा रखने लगा।
शादी की उम्मीद में बेच दिया अपना सामान
मार्टिंस ने अपनी ऑनलाइन प्रेमिका से मिलने का फैसला किया। इसके लिए उसने 9 अक्टूबर को अपना निजी सामान बेच दिया, ताकि सफर के लिए पैसे जुटा सके। इसके बाद वह बस से मिनास गेरैस राज्य की राजधानी बेलो होरिजोंटे के लिए रवाना हो गया। 11 अक्टूबर को शहर पहुंचने के बाद उसने जेसिका को तलाशना शुरू किया। उसे उम्मीद थी कि जल्द ही उसकी मुलाकात उस महिला से होगी, जिसके साथ वह अपनी जिंदगी बिताना चाहता था। लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसे जेसिका कहीं नहीं मिली। आखिरकार उसने एक रेडियो स्टेशन से संपर्क किया। वहां उसे बताया गया कि जेसिका ओलिवेरिया कोई असली महिला नहीं है। सोशल मीडिया पर उसकी पहचान और उससे जुड़ी जानकारी फर्जी थी। यह सुनकर मार्टिंस को बड़ा झटका लगा।
बेलो होरिजोंटे पहुंचने के बाद मार्टिंस के पास पैसे भी खत्म हो गए थे। ऐसे में उसके सामने घर लौटने की परेशानी खड़ी हो गई। मदद की उम्मीद में वह शहर के सिटी हॉल पहुंचा और वहां एक सामाजिक कार्यकर्ता को अपनी पूरी कहानी बताई। मार्टिंस ने बताया कि वह अकेलेपन से परेशान था और किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश में था, जिसके साथ वह अपना जीवन बिता सके। इसी उम्मीद में वह इतनी लंबी दूरी तय करके शहर आया था। उसकी परेशानी जानने के बाद अधिकारियों ने घर वापस लौटने में उसकी मदद की। फिलहाल मार्टिंस अपने एक रिश्तेदार के साथ रह रहा है। इस घटना से उसे काफी निराशा हुई है, लेकिन उसने प्यार की तलाश छोड़ने से इनकार किया है।
AI से बनाए गए वीडियो ने खींचा था ध्यान
रिपोर्ट के मुताबिक, जेसिका ओलिवेरिया नाम के सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 3 लाख फॉलोअर्स हैं। इस अकाउंट पर AI की मदद से बनाई गई महिला के वीडियो पोस्ट किए जाते थे। एक पुराने वीडियो में इस AI महिला को ऐसे पुरुष की तलाश करते हुए दिखाया गया था, जिसे वह अपने फार्म पर बुला सके और जो उसकी आर्थिक जिम्मेदारी उठा सके।
बाद में अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति ने एक वीडियो जारी करके साफ किया कि जेसिका कोई असली महिला नहीं है। उसे AI की मदद से बनाया गया था। अकाउंट ऑपरेटर के मुताबिक, इसका मकसद लोगों का ध्यान आकर्षित करना और सोशल मीडिया पर ज्यादा जुड़ाव हासिल करना था। उसने यह भी दावा किया कि मार्टिंस से उसका सीधे कोई संपर्क नहीं था। उसे भी यह जानकर हैरानी हुई कि कोई व्यक्ति जेसिका से मिलने के लिए इतनी दूर तक पहुंच गया।
निराश होने के बाद भी प्यार की उम्मीद बरकरार
इस घटना के बाद मार्टिंस ने कहा कि वह निराश जरूर है, लेकिन प्यार पाने की उम्मीद नहीं छोड़ेगा। उसने दोबारा बेलो होरिजोंटे जाने और किसी ऐसी महिला को तलाशने की बात कही, जिसके साथ वह अपनी जिंदगी बिता सके।
यह मामला दिखाता है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर फोटो , वीडियो या प्रोफाइल असली नहीं होती। AI टेक्नॉलजी से बनाया गया वीडियो देखने में सच सकता है। इसलिए ऑनलाइन किसी से जुडने से पहले ये जान लेना जरूरी है कि जिससे हम बात कर रहे हैं, वह सच में है या नहीं।


Download Android App
Download iOS App




