वाशिंगटन : अमेरिका के लॉस एंजिलिस इलाके में बुधवार देर रात एक बार में एक बंदूकधारी जबरन घुस गया और उसने गोलीबारी की। काउंटी में शेरिफ के एक कैप्टन ने यह जानकारी दी। वेंटूरा काउंटी शेरिफ के ऑफिस कैप्टन गैरो कुरेदजियान ने बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि घटना में शेरिफ के एक उप अधिकारी को भी गोली लगी है।
उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। बहरहाल उन्होंने घायलों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। शेरिफ के प्रवक्ता ने बताया कि थाउजंड ओक्स के बॉर्डरलाइन बार एंड ग्रिल में गोली चलने की जानकारी सबसे पहले रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर मिली थी। थाउजंड ओक्स लॉस एंजिलिस से करीब 40 मील की दूरी पर स्थित है।
उन्होंने कहा कि उप अधिकारी जब घटनास्थल पर पहुंचे तब उन्होंने भी गोली चलने की आवाज सुनी। अधिकारी मामले में जांच कर रहे हैं। तत्काल इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों ने ‘एबीसी’ को बताया कि एक शख्स ने बंदूक से कई बार गोलियां चलायीं और धुंए वाला बम उड़ाने के बाद उसने फिर से गोलीबारी की। पुलिस ने ‘लॉस एंजिलिस टाइम्स’ को बताया कि घटना में कम से कम 30 गोलियां चलीं।


Download Android App
Download iOS App


