एक साल बढ़ा लोकसभा महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव का कार्यकाल

Summary :

लोकसभा अध्यक्ष ने स्नेहलता श्रीवास्तव का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है जो एक दिसंबर 2018 से 30 नवंबर 2019 तक के लिए होगा।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने लोकसभा की पहली महिला महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। मध्य प्रदेश कैडर की 1982 बैच की सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी स्नेहलता श्रीवास्तव को पिछले साल इस पद पर नियुक्त किया गया था और उनका दर्जा कैबिनेट सचिव का था। उनका कार्यकाल 30 नवंबर को पूरा होने वाला था।

लोकसभा सचिवालय की एक अधिसूचना के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ने स्नेहलता श्रीवास्तव का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है जो एक दिसंबर 2018 से 30 नवंबर 2019 तक के लिए होगा। उनका दर्जा कैबिनेट सचिव का होगा। स्नेहलता श्रीवास्तव को 35 वर्षों का प्रशासनिक अनुभव है।

उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार के साथ-साथ केंद्र में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। स्नेहलता श्रीवास्तव ने विधि एवं न्याय मंत्रालय में सचिव और वित्त मंत्रालय में विशेष/अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्य किया है। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में भी प्रधान सचिव सहित कई वरिष्ठ पदों पर काम किया है।

Desk Team