बीजिंग, 7 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रीय सीमा शुल्क प्रशासन की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में चीन का विदेशी व्यापार आयात और निर्यात कुल 46 खरब 60 अरब युआन रहा। इसने वर्ष की पहली छमाही में दर्ज मजबूत विकास गति को बनाए रखा है।
यह लगातार पांचवां महीना है, जब चीन का मासिक विदेशी व्यापार 40 खरब युआन से अधिक रहा है। पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इसमें 19.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसमें निर्यात में 17.8 प्रतिशत और आयात में 21.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी शामिल है।
वहीं, इस वर्ष के पहले सात महीनों में चीन का कुल विदेशी व्यापार आयात और निर्यात 301 खरब 30 अरब युआन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 17.3 प्रतिशत अधिक है। इसमें निर्यात 174 खरब 40 अरब युआन और आयात 126 खरब 90 अरब युआन रहा।
चीनी राष्ट्रीय सीमा शुल्क प्रशासन के सांख्यिकीय विश्लेषण विभाग के निदेशक ल्यू ताल्यांग ने कहा कि इस वर्ष चीनी अर्थव्यवस्था ने विभिन्न चुनौतियों के बीच स्थिर विकास बनाए रखा है, जिसने विदेशी व्यापार में लगातार वृद्धि को मजबूत समर्थन दिया है।
निर्यात के क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक और मशीनरी उत्पादों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इस वर्ष के पहले सात महीनों में इन उत्पादों का निर्यात 111 खरब 20 अरब युआन रहा, जो चीन के कुल निर्यात का 63.8 प्रतिशत है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.8 प्रतिशत अंक अधिक है। इस दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्यात में 71.2 प्रतिशत, लिथियम बैटरियों में 35.8 प्रतिशत, 3डी प्रिंटरों में 110 प्रतिशत, औद्योगिक रोबोटों में 13.2 प्रतिशत और जहाजों के निर्यात में 32.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
दूसरी ओर, आयात के क्षेत्र में चीन लगातार 17वें वर्ष दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा आयातक बना हुआ है। इस वर्ष के पहले सात महीनों में आयात की वृद्धि दर निर्यात से 8 प्रतिशत अंक अधिक रही, जिससे व्यापार संतुलन में सुधार हुआ है। इस दौरान थोक वस्तुओं के आयात में 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि इलेक्ट्रॉनिक और मशीनरी उत्पादों का आयात 53 खरब 10 अरब युआन रहा, जो कुल आयात का 41.9 प्रतिशत है।
इसके अलावा, पहले सात महीनों में चीन का व्यापार 180 से अधिक देशों और क्षेत्रों के साथ बढ़ा है। आसियान देशों के साथ चीन का व्यापार 20 प्रतिशत, यूरोपीय संघ के साथ 9.5 प्रतिशत, लैटिन अमेरिका के साथ 15.4 प्रतिशत और अफ्रीका के साथ 18.9 प्रतिशत बढ़ा। वहीं, बेल्ट एंड रोड सह-निर्माण वाले देशों के साथ व्यापार में 15.5 प्रतिशत और एपीईसी अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
हालांकि, अमेरिका के साथ चीन के व्यापार में 1.6 प्रतिशत की गिरावट आई है, लेकिन यह गिरावट इस वर्ष के पहले छह महीनों की तुलना में 2 प्रतिशत अंक कम रही है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



