चीनी रक्षा मंत्री जनरल वी फेंगे ने चीन और पाकिस्तान के समक्ष मौजूद ‘जोखिमों एवं चुनौतियों’ से एक साथ निपटने के लिए दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सैन्य संबंधों को ‘और ऊंचाई‘ पर ले जाने का मंगलवार को आह्वान किया। वी ने सोमवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा से बातचीत की तथा दोनों मित्र देशों के बीच रक्षा सहयोग को और गहरा बनाने के लिए एक सहमति ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये।
चीन के रक्षा मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार वी ने कहा, ‘‘ दोनों देशों के विभिन्न जोखिमों एवं चुनौतियों से मिलकर निपटने एवं अपने अपने देशों की संप्रभुता एवं सुरक्षा हितों को दृढ़ता से सुरक्षा प्रदान करने के लिए हमें सैन्य संबंधों को एक नयी ऊंचाई तक ले जाना चाहिए।’’ चीन पाकिस्तान का एक बड़ा रक्षा आपूर्तिकर्ता है। बयान के अनुसार, जनरल वी ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी और प्रधानमंत्री इमरान खान से भी भेंट की।
पीएलए डेली के अनुसार अल्वी ने कहा, ‘‘ हम आशा करते हैं कि दोनों देश चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के निर्माण तथा रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग और मजबूत करेंगे।’’ खान ने कहा कि चीनी रक्षा मंत्री की यात्रा वैश्विक महामारी के संदर्भ में बड़ा अहम है जो पाकिस्तान के प्रति चीनी सरकार एवं सेना का समर्थन दर्शाता है।


Download Android App
Download iOS App



