बीजिंग : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज साफ आसमान में विमान से बीजिंग में उतरे क्योंकि चीन ने शहर के आसमान में छायी धुंध को आखिरी कुछ घंटों में आपातकालीन उपायों की मदद से साफ कर दिया था। पिछले कुछ दिनों से बीजिंग में धुंध वाला मौसम था लेकिन आज सुबह धूप निकली थी। चीन के पर्यावरण मंत्रालय ने स्थानीय प्राधिकारियों को आरेंज (नारंगी) अलर्ट हटाने का आदेश देते हुए कहा था कि आपातकालीन उपायों से वायु की गुणवथा सुधर गई है।
ट्रंप का एयरफोर्स वन आज दोपहर यहां स्थित हवाई अड्डे पर उतरा तो आसमान साफ था। पर्यावरण संरक्षण मंत्रालय ने इससे पहले पूर्वानुमान जताया था कि बीजिंग…तियाजिन…हेबेई क्षेत्र और आसपास के क्षेत्र में चार से आठ नवम्बर के बीच अत्यंत गंभीर वायु प्रदूषण रहेगा। इसके बाद स्थानीय सरकारों ने नारंगी अलर्ट जारी किया। चीन में खराब मौसम के लिए चार स्तरीय रंग चेतावनी प्रणाली है जिसमें लाल सबसे गंभीर है और इसके बाद नारंगी, पीली और नीली चेतावनी होती है।
चीन की सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ ने पहले खबर दी थी कि प्राधिकारियों द्वारा धुंध की चुनौती से निपटने के लिए आपातकालीन उपाय अपनाने के बाद अधिकतर क्षेत्रों में कम प्रदूषण या यहां तक कि अच्छी हवा का अनुभव किया गया। नारंगी अलर्ट के बाद कई उपाय लागू किये जाते हैं जिसमें वाहनों का प्रयोग सीमित करना, निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण बढ़ना तथा स्टील, सीमेंट और कोयला कंपनियों के उत्पादन पर अस्थायी रूप से रोक लगाना शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



