चीन-पेरू मुक्त व्यापार समझौते का उन्नत प्रोटोकॉल लागू

Summary :

बीजिंग, 1 नवंबर (आईएएनएस)। चीनी वाणिज्य मंत्रालय से रविवार को मिली जानकारी के मुताबिक, चीन और पेरू के बीच मुक्त व्यापार समझौते को उन्नत बनाने से जुड़ा प्रोटोकॉल औपचारिक रूप से लागू हो गया है। यह प्रोटोकॉल दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। दरअसल, चीन और पेरू ने नवंबर 2018 में मुक्त व्यापार समझौते को उन्नत बनाने के लिए बातचीत शुरू की थी। इसके बाद 14 नवंबर 2024 को दोनों देशों ने इस समझौते से जुड़े उन्नयन प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए। इस प्रोटोकॉल के तहत…

बीजिंग, 1 नवंबर (आईएएनएस)। चीनी वाणिज्य मंत्रालय से रविवार को मिली जानकारी के मुताबिक, चीन और पेरू के बीच मुक्त व्यापार समझौते को उन्नत बनाने से जुड़ा प्रोटोकॉल औपचारिक रूप से लागू हो गया है। यह प्रोटोकॉल दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

दरअसल, चीन और पेरू ने नवंबर 2018 में मुक्त व्यापार समझौते को उन्नत बनाने के लिए बातचीत शुरू की थी। इसके बाद 14 नवंबर 2024 को दोनों देशों ने इस समझौते से जुड़े उन्नयन प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए। इस प्रोटोकॉल के तहत पहले से लागू मुक्त व्यापार समझौते के सात प्रमुख अध्यायों में सुधार किया गया है। इनमें उद्गम नियम, सीमा शुल्क प्रक्रिया और व्यापार सुविधा, स्वच्छता एवं पादप स्वच्छता उपाय, बौद्धिक संपदा, सेवा व्यापार, कारोबारी लोगों का अस्थायी प्रवेश और निवेश जैसे विषय शामिल हैं।

इसके अलावा, समझौते में पांच नए अध्याय भी जोड़े गए हैं। इनमें मानक और अनुरूपता मूल्यांकन में सहयोग, प्रतिस्पर्धा नीति, ई-कॉमर्स, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला तथा पर्यावरण और व्यापार जैसे विषय शामिल हैं। साथ ही, दोनों देशों ने सेवा व्यापार और निवेश से जुड़ी नकारात्मक सूची पर आगे बातचीत करने का प्रावधान भी किया है। इसका मकसद इन क्षेत्रों में बाजार को और अधिक खोलना तथा कारोबारी सहयोग के नए अवसर पैदा करना है।

गौरतलब है कि चीन और पेरू के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता किसी लैटिन अमेरिकी देश के साथ चीन का पहला व्यापक मुक्त व्यापार समझौता है। वर्ष 2010 में इसके लागू होने के बाद से दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक सहयोग लगातार बढ़ा है। आंकड़ों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच व्यापार का कुल मूल्य 2009 में 6.4 अरब अमेरिकी डॉलर था, जो 2025 में बढ़कर 50.4 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। यानी इस दौरान द्विपक्षीय व्यापार में करीब सात गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अब उन्नयन प्रोटोकॉल लागू होने से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। इससे दोनों देशों की कंपनियों को बेहतर कारोबारी माहौल मिलेगा और चीन-पेरू आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को नई गति मिलेगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.