अमेरिका में कोरोना वायरस के कारण हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। वायरस का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि अंत्येष्टि स्थलों में शवों के लिए जगह तक नहीं बची है। दक्षिण कैलिफोर्निया में अंत्येष्टि स्थलों के एक संगठन की ओर से कहा गया है कि उन्हें शोक संतप्त परिवारों को लौटाना पड़ रहा है क्योंकि यहां शवों के ढेर लग रहे हैं तथा अब और शवों के लिए जगह नहीं बची है।
लॉस एंजिलिस में कॉन्टीनेंटल फ्यूनरल होम्स की माग्दा मेल्डोनाडो ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में मैं बीते 40 साल से काम कर रही हूं और मैंने इससे पहले कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ भी हो सकता है। हमें परिवारों को कहना पड़ रहा है कि हम उनके परिजन को यहां नहीं ले पाएंगे।’’
जॉन हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में कोविड-19 के कारण 3,50,000 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि देश में दो करोड़ से अधिक लोग वायरस से संक्रमित हैं। मेल्डोनाडो ने बताया कि कॉन्टीनेंटल फ्यूनरल होम्स में प्रतिदिन औसतन 30 शव लाए जा रहे हैं जो सामान्य से छह गुना अधिक है। अधिकतर अंत्येष्टि स्थलों में यही स्थिति है। कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस काउंटी में अब तक दस हजार संक्रमितों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



