ढाका : बांग्लादेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर देश में जारी लॉकडाउन को 11 और दिन के लिए बढ़ाते हुए उसे 25 अप्रैल तक प्रभावी कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटे में वायरस के संक्रमण से छह लोगों की मौत होने के बाद देश में कर्फ्यू जैसा लॉकडाउन लागू किया गया है। देश में अभी तक संक्रमण से 27 लोगों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि देश में अभी तक 424 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पूरे देश में जारी अवकाश 25 अप्रैल तक चलेगा।’’ देश में पहले से लागू लॉकडाउन 14 अप्रैल को समाप्त होने वाला था।
महामारी, रोग नियंत्रण और अनुसंधान संस्थान (आईईडीसीआर) की निदेशक मीरजादी सबरीना फ्लोरा ने बताया, ‘‘पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के छह और मरीजों की मौत हुई है, अभी तक 27 लोगों की मौत हुई है। 94 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, वायरस से संक्रमित कुल लोगों की संख्या 424 हो गयी है।’’ बांग्लादेश में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला आठ मार्च को आया था।


Download Android App
Download iOS App



