चीन में तेजी से फैले कोरोना वायरस ने घातक रूप ले लिया है और इससे मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ते जा रही है। अब तक इस वायरस से मरने वालों की संख्या 1,000 के पार हो चुकी है वहीं अभी तक 42,000 से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि सोमवार को इससे 108 और लोगों की जान चली गई और 2,478 नए मामले सामने आए।
वहीं आयोग के अनुसार कोरोना वायरस से अब तक कुल 1,016 लोगों की जान जा चुकी है और कुल 42,638 मामलों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि शनिवार को जिन 108 लोगों की जान गई उनमें से 103 हुबेई प्रांत के थे, जहां इस विषाणु के कारण सबसे अधिक लोग मारे गए हैं।
इसके अलावा बीजिंग, तिआंजिन, हीलोंगजियांग, अनहुइ और हेनान में इससे एक-एक व्यक्ति की जान गई है। वहीं कुल 3,996 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।
आयोग के अनुसार सोमवार को 849 मरीज गंभीर रूप से बीमार हो गए वहीं 7,333 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है । इस बीमारी से 21,675 लोगों के संक्रमित होने की आशंका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की एक टीम भी सोमवार रात चीन पहुंची है। यह टीम कोरोना वायरस के प्रकोप से निपटने में चीनी स्वास्थ्य अधिकारियों की मदद करेगी।
बता दें कोरोना वायरस विषाणुओं का एक बड़ा समूह है लेकिन इनमें से केवल छह विषाणु ही लोगों को संक्रमित करते हैं। इसके सामान्य प्रभावों के चलते सर्दी-जुकाम होता है लेकिन सार्स ऐसा कोरोनावायरस है जिसके प्रकोप से 2002-03 में चीन और हांगकांग में करीब 650 लोगों की मौत हो गई थी।


Download Android App
Download iOS App



