भारतीय मूल के एक चिकित्सक की कोविड-19 से ब्रिटेन में मौत हो गई है। यह जानकारी दक्षिणपूर्व ब्रिटेन के एसेक्स स्थित नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) ट्रस्ट ने दी। ट्रस्ट ने यह भी बताया कि भारतीय मूल के चिकित्सक भारत में अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 1973 में ब्रिटेन में आ गए थे और एक चिकित्सक के तौर पर कार्यरत थे।
डा. कमलेश कुमार मैसन (78) की यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में इस खतरनाक वायरस से मौत हो गई। साथी सामान्य चिकित्सक एवं एनएचएस थुर्रोक क्लीनिकल कमीशनिंग ग्रुप (सीसीजी) के अध्यक्ष डा. कलिल ने कहा, ‘‘हमें डा. मैसन के निधन की सूचना पर बहुत दुख हुआ। वह थुर्रोक में बहुत ही सम्मानित एवं पसंद किये जाने वाले चिकित्सक थे। उन्होंने 30 वर्ष से अधिक समय तक मरीजों की सेवा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बाद में उन्होंने थुर्रोक और बेसिलडोन में सामान्य चिकित्सक के तौर पर अपनी सेवाएं दी। हम डा. मैसन की प्रतिबद्धता और उनके जुनून के लिए धन्यवाद देते हैं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हैं।’’ कमलेश ने 1985 में मिल्टन रोड सर्जरी, ग्रेस की स्थापना की और वहां 2017 तक लगातार काम किया। इसके बाद वह थुर्रोक और बेसिलडोन में काम करने चले गए।


Download Android App
Download iOS App



