पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी पर आतंकवादी हमले की आशंका के बाद उनकी सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। एक रिपोर्ट में विश्वस्त सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है। सूत्रों ने बताया है कि सुरक्षा एजेंसियों ने भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद जरदारी पर अदालत में पेशी के लिए ले जाए जाने के दौरान आतंकी हमले की आशंका जताई है।
इसके बाद उनकी सुरक्षा योजना को नए सिरे से बनाने का आदेश अधिकारियों को दिया गया है। जरदारी इस समय धनशोधन और फर्जी बैंक खाते के मामले में अदालती कार्यवाही का सामना कर रहे हैं और अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें इस साल की शुरुआत में राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (नैब) ने गिरफ्तार किया था।
इससे पहले उनकी सेहत को लेकर चिंता जताए जाने के बाद उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था और इसके बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया था। पूर्व में उनके वकील यह आरोप लगा चुके हैं कि जरदारी के साथ जेल में खराब बर्ताव किया जा रहा है।
जरदारी के बेटे व पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी ने बीते अगस्त महीने में आरोप लगाया था कि उनके पिता को जान से मारने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा था कि उनके पिता को चिकित्सा सुविधा से वंचित रखा जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



