पुलवामा हमला : ट्रंप बोले – कुछ बड़ा कदम उठाने की सोच रहा है भारत

Summary :

14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति ‘बहुत खतरनाक’ हो गई है। स्थानीय मीडिया ने शनिवार को बताया कि ट्रंप ने ओवल ऑफिस में कहा, ”भारत और पाकिस्तान के बीच अभी ‘बहुत बहुत खराब’ स्थिति है। एक बेहद खतरनाक स्थिति। हम चाहते हैं कि यह संघर्ष खत्म हो। कुछ ही दिन पहले बड़ी संख्या में लोग मारे गए। हम इसे बंद होते देखना चाहते हैं। हम इस प्रक्रिया में बहुत अधिक शामिल हैं।”

pak_india

उन्होंने यह भी कहा कि इस समय भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत सारी समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति कार्यालय ह्वाइट हाउस दोनों देशों के संपर्क में है और उम्मीद जताई कि कश्मीर घाटी में जल्द ही खून-खराबा बंद हो जायेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ”भारत बहुत सख्त कदम उठाने पर विचार कर रहा है। उसने हमले में अपने लगभग 50 लोग खो दिये हैं। मैं इसे भी समझ सकता हूं।”

गौरतलब है कि 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इस हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों काफी तनावपूर्ण हो गए हैं। अमेरिका पिछले कुछ वर्षों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत का करीबी सहयोगी रहा है।

pulwama attack

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आतंकवाद को बढ़ावा देने और आतंकवादियों को अपनी जमीन पर पनाह देने को लेकर पाकिस्तान से कई बार कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने पाकिस्तान पर आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई में पूरा सहयोग नहीं देने और आतंकवादियो को पनाह देने का आरोप लगाते हुए पिछले वर्ष उसे 30 करोड़ डॉलर की सैन्य मदद भी बंद कर दी थी।

Desk Team