व्हाइट हाउस के आर्थिक सलाहकार लैरी कुडलो ने कहा है कि जापान में अगले महीने होने वाले जी-20 आर्थिक सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग की मुलाकात की प्रबल संभावना है।
सीएनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कुडलो ने रविवार को कहा कि इस मुलाकात की संभावना अच्छी है लेकिन अमेरिकी और चीनी वार्ताकारों की अगली मुलाकात कब होगी इसके लिए कोई ठोस योजना तैयार नहीं है। शुक्रवार को अमेरिका और चीनी वार्ताकारों की 11वें चरण की वार्ता दोनों देशों के बीच जारी व्यापार युद्ध को खत्म करने का समझौता करने में विफल रही।
चीन अभी कर ले व्यापार समझौता वर्ना 2020 के बाद स्थिति होगी और खराब : ट्रंप
2018 में ट्रंप द्वारा चीन से आयातित 200 अरब डॉलर की वस्तुओं पर 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध शुरू हुआ था, इसके बाद चीन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 60 अरब डॉलर के अमेरिकी उत्पादों पर कर वसूला था। कुडलो ने कहा, “वार्ता जारी रहेगी। मैं कहूंगा कि अगले महीने जापान में जी-20 सम्मेलन है और राष्ट्रपति ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी की मुलाकात की काफी उम्मीद है।”


Download Android App
Download iOS App


