Dubai Jebel Ali Explosion: 20 मिनट में 7 ब्लास्ट! अचानक धमाकों से दहला दुबई, 2 लोगों किया गया गिरफ्तार

Summary :

Dubai Jebel Ali Explosion: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में 20 मिनट के भीतर सात धमाकों की आवाज सुनाई दी। घटना के बाद धुएं का वीडियो वायरल हुआ, जबकि वीडियो बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। बंदरगाह के पास एक गोदाम में आग लगी, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Dubai Jebel Ali Explosion: ईरान और अमेरिका के बीच  तनाव जारी है। इस बीच दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में अचानक कई तेज धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर धुएं के बड़े गुबार के कई वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। इसी बीच UAE प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने अभी तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

ईरानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जेबेल अली क्षेत्र में करीब 20 मिनट के दौरान कम से कम 7 जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। धमाकों के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। लेकिन, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये धमाके किसी हमले का नतीजा थे या फिर किसी औद्योगिक दुर्घटना की वजह से हुए। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है।

मिसाइल हमले का भी किया गया दावा

UAE की मीडिया ने अब तक धमाकों की असली वजह की पुष्टि नहीं की है। वहीं, ईरान के एक समाचार आउटलेट ने दावा किया है कि यमन की दिशा से यूएई पर मिसाइल हमला किया गया था। लेकिन  इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और यूएई सरकार ने भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इस वजह से धमाकों को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक वजह  सामने आने की उम्मीद है।

घटना के बाद सामने आई नासा की थर्मल इमेज से ये संकेत मिले हैं कि जेबेल अली बंदरगाह के पास स्थित एक गोदाम में आग लग गई थी। बताया जा रहा है कि इस गोदाम का इस्तेमाल  ईंधन के भंडारण और ट्रांसफर के लिए किया जाता है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी व्यक्ति के घायल होने या जान गंवाने की सूचना सामने नहीं आई है। दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर हालात पर कंट्रोल  पाने का प्रयास किया।

जेबेल अली क्यों है इतना महत्वपूर्ण?

जेबेल अली दुबई का एक बेहद महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्र माना जाता है। यह दुबई शहर से करीब 25 मील (लगभग 40 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। यहां दुनिया के बड़े बंदरगाहों में से एक मौजूद है, जहां से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और शिपिंग का बड़ा हिस्सा संचालित होता है।

इसके अलावा पाम जेबेल अली एक कृत्रिम द्वीप परियोजना है, जबकि जेबेल अली फ्री ट्रेड जोन दुनिया की प्रमुख कारोबारी जगहों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय कंपनियां काम करती हैं। ऐसे में इस इलाके में हुई किसी भी घटना का असर क्षेत्रीय व्यापार और शिपिंग गतिविधियों पर पड़ सकता है।

जांच जारी, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना किसी बाहरी हमले का परिणाम थी या औद्योगिक हादसा। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें: FCRA Amendment Bill: भारत में FCRA संशोधन बिल से बौखलाए अमेरिकी सांसद, ईसाइयों पर बताया हमला

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।