पाकिस्तान के अनेक शहरों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से अथवा आंशिक तौर पर बहाल कर दी गई। इससे पहले विद्युत वितरण प्रणाली में खामी के कारण देश के अनेक शहरों और कस्बों में शनिवार रात बिजली आपूर्ति ठप होने से हर ओर अंधेरा छाया रहा।
पाकिस्तान में बिजली वितरण प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण लाखों पाकिस्तानी प्रभावित हुए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शनिवार रात करीब 11.50 बजे ब्लैकआउट शुरू हुआ, जब इस्लामाबाद, लाहौर, पेशावर, कराची और रावलपिंडी सहित सभी प्रमुख शहर अंधेरे में डूब गए। कई शहरों में आधी रात के बाद लगभग एक ही समय बिजली आपूर्ति बाधित हुई। कराची, रावलपिंडी, लाहौर, इस्लामाबाद, मुल्तान के अलावा कई अन्य शहरों के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्री उमर अयूब खान ने कहा कि तकनीकी दल बिजली आपूर्ति बहाल करने के काम में लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर, मुल्तान, कराची और फैसलाबाद जैसे शहरों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से अथवा आंशिक तौर पर बहाल कर दी गई है लेकिन स्थिति सामान्य होने में थोड़ा वक्त लगेगा। खान और सूचना मंत्री शिबली फराज ने संवाददाताओं को बताया कि सिंध प्रांत में गुड्डू बिजली संयंत्र में बीती रात 11.41 बजे कोई खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई। उन्होंने कहा कि अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि किस वजह से बिजली आपूर्ति ठप हुई और प्रणाली में आवृत्ति अचानक 50 से गिरकर शून्य हो गई।


Download Android App
Download iOS App



