इराक के उत्तरी किरकुक प्रांत में बुधवार को सड़क किनारे हुये एक बम विस्फोट में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी। प्रांतीय पुलिस अधिकारी सलिह अल ओबेदी ने बताया कि यह धमाका आज तड़के किरकुक प्रांत के अल-राशद शहर के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ जब पुलिस का एक गश्ती दल वहां से गुजर रहा था। पुलिस के मुताबिक इस बात की आशंका है कि इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने पुलिस के गश्ती दल को निशाना बनाने के लिए यह बम रखा था।
उन्होंने कहा कि विस्फोट इतना भीषण था कि पुलिस का एक वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चार पुलिसकर्मियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
उन्होंने कहा कि इराकी सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश के लिये अभियान शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इराक में 2017 के बाद से आतंकवादी हमलों में कमी देखी गयी है। इराकी सुरक्षाबलों ने 2017 में आईएस के सफाये का दावा किया था। आईएस के आतंकवादियों ने इसके बाद से इराक के रेगिस्तान और बीहड़ क्षेत्रों में शरण ली हुई है और आये दिन सुरक्षा बलों और नागरिकों पर छिटपुट हमले करते रहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



