रियाद : सऊदी अरब के कासिम इलाके में एक जांच चौकी पर गाड़ी में सवार तीन आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षा बलों के साथ शुरू हुई मुठभेड़ में दो हमलावर सहित चार लोगों की मौत हो गयी । सऊदी अरब के आंतरिक मामलों के मंत्री ने कल बयान जारी कर बताया कि मरने वालों में दो हमलावर, एक बांग्लादेशी नागरिक और एक सुरक्षा अधिकारी शामिल है।
बयान में कहा गया है कि रविवार की दोपहर एक गाड़ी में सवार तीन आतंकवादियों ने कासिम स्थित चेकपोस्ट पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें कहा गया है कि दो आतंकवादी मारे गए हैं और तीसरा इसमें जख्मी हो गया है जिसे अस्पताल भेज दिया गया। मंत्रालय ने कहा कि इसमें एक सऊदी अधिकारी सुलेमान आब्देल अजीज आब्देल लतीफ की भी मौत हो गयी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि मरने वालों में एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है लेकिन उसके नाम की घोषणा नहीं की गयी।


Download Android App
Download iOS App


