अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की मुख्य अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ ने सोमवार कहा कि कोरोना वायरस से निपटने में भारत सबसे आगे रहा है। गोपीनाथन ने कोविड-19 संकट के दौरान इस महामारी से बचाव के लिए टीके का विनिर्माण करने और उसे कई देशों में भेजने में बहुत अहम भूमिका निभाने को लेकर भी भारत की तारीफ की।
गोपीनाथन ने यह टिप्पणी डॉ हंसा मेहता व्याख्यान के दौरान की। इसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर किया गया था। उन्होंने कहा, “ मैं यह भी जिक्र करना चाहूंगी कि टीका नीति के संबंध में भारत ने वास्तव में उल्लेखनीय कार्य किया है। जब आप देखेंगे कि दुनिया में टीका निर्माण का केंद्र कहां है, तो यह भारत में मिलेगा।”
गोपीनाथन ने सीरम इंस्ट्टीयूट ऑफ इंडिया,पुणे की तारीफ करते हुए कहा कि उसने दुनिया में टीके की सबसे ज्यादा खुराकें बनाई और इनकी आपूर्ति कोवैक्स को की और फिर दुनियाभर के देशों को यह वितरित की गई। बता दें कि गीता गोपीनाथ ने कहा है कि कोविड-19 महामारी की वजह से बरसों की मेहनत से हासिल महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक लाभ को गंवाने का जोखिम पैदा हो गया है।
उन्होंने सोमवार को कहा कि महामारी की वजह से दुनिया के सभी देश अपनी अर्थव्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। गोपीनाथ ने कहा कि महिलाओं की जबर्दस्त क्षमता का इस्तेमाल करना महिला सशक्तीकरण के साथ समावेशी वैश्विक आर्थिक वृद्धि दोनों के लिए लाभ की स्थिति है।


Download Android App
Download iOS App


