ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ के जी-7 शिखर सम्मेलन से इस इतर बैठकों के लिए फ्रांस के बिआरित्ज जाने का बचाव किया और इसे राष्ट्र हित में बताया। रूहानी ने कहा, “मेरा मानना है कि देश के हित के लिए हमें हर स्रोत का इस्तेमाल करना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “अगर मुझे पता हो कि किसी के साथ मुलाकात करने से मेरे देश की समृद्धि होगी और लोगों की परेशानियों का समाधान होगा तो, मैं इसमें संकोच नहीं करूंगा।” उन्होंने कहा, “सबसे अधिक महत्वपूर्ण राष्ट्र हित है।” गौरतलब है कि फ्रांस के तटीय शहर बिआरित्ज में सोमवार को जी7 शिखर सम्मेलन संपन्न हुआ।
इस सम्मेलन में शनिवार को तब नाटकीय मोड़ आया जब ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ तेहरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम पर राजनयिक गतिरोध के संबंध में चर्चा करने के लिए बिआरित्ज पहुंच गए। जरीफ की यहां मौजूदगी अप्रत्याशित थी और यह फ्रांस की तरफ से ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव को कम करने की कोशिश थी।
फ्रांस के राजनयिकों ने बताया कि ईरान के विदेश मंत्री ने ट्रम्प से मुलाकात नहीं की, लेकिन एक जगह दोनों नेताओं की मौजूदगी ने दोनों के बीच नरमी की उम्मीद पैदा कर दी। जरीफ को फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने आमंत्रित किया था जो ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



