अमेरिका सीनेट में चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बने अब्दुल एल-सैयद, बोले- मिशिगन, हमने कर दिखाया

Summary :

वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मिशिगन, हमने कर दिखाया! मुझे बहुत गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि मैं आज आपके सामने मिशिगन राज्य के नए सीनेटर के रूप में खड़ा हूं। यह बात अमेरिकी डेमोक्रेट नेता और पूर्व पब्लिक हेल्थ अधिकारी अब्दुल एल-सैयद ने अपनी जीत के बाद डेट्रॉइट में चुनावी मुख्यालय पर भाषण देते हुए कही। मिस्र मूल के अमेरिकी डेमोक्रेट नेता और पूर्व पब्लिक हेल्थ अधिकारी अब्दुल एल-सैयद बुधवार को मिशिगन से सीनेट सीट की दौड़ में रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराकर अमेरिका की सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बने। इसके साथ ही…

वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। मिशिगन, हमने कर दिखाया! मुझे बहुत गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि मैं आज आपके सामने मिशिगन राज्य के नए सीनेटर के रूप में खड़ा हूं। यह बात अमेरिकी डेमोक्रेट नेता और पूर्व पब्लिक हेल्थ अधिकारी अब्दुल एल-सैयद ने अपनी जीत के बाद डेट्रॉइट में चुनावी मुख्यालय पर भाषण देते हुए कही।

मिस्र मूल के अमेरिकी डेमोक्रेट नेता और पूर्व पब्लिक हेल्थ अधिकारी अब्दुल एल-सैयद बुधवार को मिशिगन से सीनेट सीट की दौड़ में रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराकर अमेरिका की सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बने। इसके साथ ही वह 1969 के बाद सीनेट में पहुंचने वाले पहले डेमोक्रेट डॉक्टर भी बन गए।

एल-सैयद पहले एक पब्लिक हेल्थ अधिकारी रह चुके हैं और इससे पहले कभी कोई निर्वाचित पद नहीं संभाला था। साल 2018 में मिशिगन के डेमोक्रेटिक गवर्नर पद की प्राइमरी में उन्हें बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब उन्होंने अमेरिकी सीनेट में जगह बना ली है।

उनकी जीत ऐसे समय आई जब चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में एक झटका भी लगा। डेमोक्रेटिक प्राइमरी में एल-सैयद से हारने वाली कांग्रेस सदस्य हेली स्टीवंस ने अंतिम समय में रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स का समर्थन कर दिया था। इसके बावजूद एल-सैयद ने मिशिगन में जीत हासिल की।

एल-सैयद का चुनाव अभियान सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा (यूनिवर्सल हेल्थ केयर), राजनीति में बाहरी पैसे के प्रभाव को कम करने और इजरायल की आलोचना जैसे मुद्दों पर आधारित था।

मतदान से एक दिन पहले मिशिगन के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “हर व्यक्ति को बिना भारी-भरकम बिल की चिंता किए डॉक्टर से इलाज करवाने का अधिकार होना चाहिए।”

उन्होंने वादा किया कि वह अमेरिका की मुनाफे पर आधारित और लोगों को बांटने वाली अरबों डॉलर की स्वास्थ्य व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए काम करेंगे। साथ ही राजनीति में पैसे के असर को कम करने और आम लोगों की आर्थिक समस्याओं को दूर करने की भी बात कही। एल-सैयद का जन्म और पालन-पोषण दक्षिण-पूर्वी मिशिगन में हुआ। उन्होंने सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की। उनके पिता मोहम्मद एल-सय्यद मिस्र से अमेरिका आए थे। उनकी सौतेली मां जैकी के परिवार की जड़ें मिशिगन के ग्रेशियट काउंटी में 1800 के दशक से हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन से पढ़ाई की और वहां की पुरुष लैक्रोस टीम ‘वॉल्वरिन्स’ के लिए भी खेले।

बाद में उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से एनआईएच (एनआईएच) की फेलोशिप के तहत मेडिकल डिग्री हासिल की। इसके अलावा, उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से दूसरी डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्त की, जहां वह प्रतिष्ठित रोड्स स्कॉलर भी रहे। वर्तमान में एल-सैयद मिशिगन के एन आर्बर शहर में अपनी पत्नी सारा और दो बेटियों एमाली और सेरीन के साथ रहते हैं।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.