न्यूयॉर्क, 10 अगस्त (आईएएनएस)। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सप्ताहांत में हुई कई गोलीबारी की घटनाओं में अमेरिका के शिकागो में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
सीबीएस शिकागो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार सुबह 8:22 बजे तक शहर में कुल आठ गोलीबारी की घटनाएं हुईं। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, इन घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई और नौ अन्य घायल हुए। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई गई है।
इसके अलावा, शनिवार तड़के एक 35 वर्षीय व्यक्ति के सिर में गोली लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, इन गोलीबारी की घटनाओं में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, 7 अप्रैल तक समाप्त हुए 12 महीनों के दौरान शिकागो में बंदूक हिंसा के 1,878 पीड़ित दर्ज किए गए, जिनमें से 356 लोगों की मौत हो गई।
इससे पहले, अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य के कैसवेल काउंटी में एक ग्रामीण इलाके में स्थित घर में सामूहिक गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी नॉर्थ कैरोलिना स्टेट ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने दी।
पुलिस को बुधवार सुबह स्थानीय समयानुसार 8 बजे से ठीक पहले घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कई लोगों को गोली लगने की हालत में पाया। नॉर्थ कैरोलिना स्टेट ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया कि गोली लगने से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कई अन्य लोगों की मौत हो चुकी थी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कैसवेल काउंटी के शेरिफ टोनी डर्डन ने बताया कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई, जिनमें कथित हमलावर भी शामिल था। परिवार के एक अन्य सदस्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अमेरिका कई दशकों से बंदूक हिंसा की समस्या से जूझ रहा है और हर साल वहां सैकड़ों सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं दर्ज की जाती हैं।
इससे पहले दो अगस्त को अमेरिका के ओरेगन राज्य के पोर्टलैंड शहर के एक मोहल्ले में हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और पांच अन्य लोग घायल हो गए थे।
–आईएएनएस
एवाई/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



