वाशिंगटन, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे एक चीनी नागरिक को धोखाधड़ी (फ्रॉड) के एक मामले में 30 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। उसने दूसरों की फर्जी पहचान बनाई (आइडेंटिटी थेफ्ट) और लक्जरी कारों से जुड़ा एक बड़ा फ्रॉड किया। फेडरल प्रॉसिक्यूटर ने इसकी जानकारी दी।
कनेक्टिकट डिस्ट्रिक्ट के यूएस अटॉर्नी डेविड एक्स. सुलिवन ने कहा कि 43 वर्षीय हुआचुन झेंग, को हार्टफोर्ड में अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज सरला वी. नगाला ने सजा सुनाई। इस व्यक्ति को “री युआन” के नाम से भी जाना जाता है।
कोर्ट के कागजात और वहां दिए गए बयानों के मुताबिक, झेंग और उसके साथियों ने दूसरों की चोरी की गई निजी और बैंक से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल किया। साथ ही, उन्होंने नकली या चोरी के आईडी कार्ड (पहचान पत्र) भी इस्तेमाल किए। उन्होंने यह सब इसलिए किया ताकि वे ग्रीनविच के एक शोरूम से महंगी गाड़ियां खरीदने या किराये पर लेने के लिए बैंक से लोन ले सकें।
इसके बाद गाड़ियों को न्यूयॉर्क ले जाया गया, जहां इस ग्रुप ने उन्हें फिर से बेचने की कोशिश की।
27 सितंबर, 2022 को, झेंग ने ग्रीनविच डीलरशिप से 2019 पोर्श पैनामेरा खरीदने के लिए 94,742.73 डॉलर की वित्तीय मदद पाने के लिए चोरी की गई पहचान का इस्तेमाल किया। हालांकि, गाड़ी को दोबारा बेचने से पहले ही धोखाधड़ी का खुलासा हुआ और डीलर ने उसे जब्त कर लिया।
अभियोजक ने कहा कि झेंग के साथ साजिश करने वालों ने भी उसी डीलर से और गाड़ियां खरीदने के लिए धोखाधड़ी से फंडिंग हासिल की।
जांच में आगे पता चला कि झेंग और दूसरों ने चोरी की गई पहचान की जानकारी का इस्तेमाल दूसरी धोखाधड़ी वाली स्कीमों में किया।
10 सितंबर, 2022 को, झेंग को न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी में ज्वेलरी खरीदने के लिए इस्तेमाल किए गए धोखाधड़ी वाले चेक से जुड़ी एक स्कीम के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। उस गिरफ्तारी के समय, वह एक मासेराटी चला रहा था जिसे न्यूयॉर्क के जमैका में एक डीलर से खरीदा गया था।
गाड़ी उसी पहचान चोरी के शिकार व्यक्ति के नाम पर दर्ज थी, जिसकी जानकारी का इस्तेमाल झेंग ने बाद में ग्रीनविच में पोर्श के लिए फंडिंग हासिल करने में किया। झेंग 28 जनवरी, 2025 को गिरफ्तारी के बाद से हिरासत में है।
उसने 6 जनवरी, 2026 को बैंक और वायर फ्रॉड करने की साजिश के एक मामले और गंभीर पहचान की चोरी के एक मामले में अपना गुनाह कबूल कर लिया। अधिकारियों ने कहा कि जेल की सजा पूरी होने के बाद झेंग को इमिग्रेशन कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
–आईएएनएस
केके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



