विदेशी राजदूतों और मिशनों ने भारत को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

Summary :

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कई विदेशी राजदूतों और मिशनों ने देश की शानदार यात्रा, विरासत और दुनिया भर के देशों के साथ बढ़ते संबंधों पर रोशनी डालते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने इस मौके पर शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता दिवस के जश्न को “भारत का राष्ट्रीय पुनरुत्थान” बताया, साथ ही भारत और इजरायल को जोड़ने वाले कारकों को अहम बताया। अजार ने एक्स पर भारतीय अंदाज में बात शुरू की। उन्होंने कहा “नमस्ते। आज हम भारत का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं, भारत का राष्ट्रीय पुनरुत्थान…

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कई विदेशी राजदूतों और मिशनों ने देश की शानदार यात्रा, विरासत और दुनिया भर के देशों के साथ बढ़ते संबंधों पर रोशनी डालते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने इस मौके पर शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता दिवस के जश्न को “भारत का राष्ट्रीय पुनरुत्थान” बताया, साथ ही भारत और इजरायल को जोड़ने वाले कारकों को अहम बताया।

अजार ने एक्स पर भारतीय अंदाज में बात शुरू की। उन्होंने कहा “नमस्ते। आज हम भारत का स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं, भारत का राष्ट्रीय पुनरुत्थान दिवस! एक पुरानी सभ्यता का शानदार सफर जो एक जीवंत और आधुनिक देश बना रहा है। भले ही भारत और इजरायल आकार में अलग हों लेकिन हमारी कहानी अनोखी है। दोनों देश आजादी और इनोवेशन को अपनाते हुए अपनी विरासत से ताकत लेते हैं। हमें अपनी दोस्ती पर गर्व है और हम अपनी साझेदारी को और सुदृढ़ करने के लिए तत्पर हैं।”

अपनी शुभकामनाएं देते हुए, भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो ने एक्स पोस्ट के जरिए कहा, “भारत की आजादी की इस नई वर्षगांठ पर, अर्जेंटीना, आजादी के बाद से मिली शानदार कामयाबियों के जश्न में भारत के लोगों और सरकार के साथ शामिल होता है, और अर्जेंटीना-भारत की दोस्ती को मजबूत करने के लिए दिन-ब-दिन काम करते रहने का वादा करता है।”

भारत में श्रीलंका की हाई कमिश्नर महिषिनी कोलोने ने इस मौके पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों पर भी जोर दिया।

पोस्ट में कहा, “आजादी के बाद से भारत का सफर शानदार रहा है। एक ऐसा देश जिसने अपनी सभ्यता से असाधारण ताकत लेते हुए आधुनिकता को अपनाया है। एक ऐसे लोकतंत्र का निर्माण किया जो विविधता से भरा है। श्रीलंका के लिए, भारत के सफर का एक खास महत्व है। हमारे इतिहास, संस्कृतियां और सभ्यताएं हजारों सालों से एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं, और हमारे बीच के रिश्ते हमेशा रहेंगे। भारत हमेशा तरक्की करे और फले-फूले, और इसके लोगों को शांति, तरक्की और सफलता मिले।”

भारत में ऑस्ट्रेलिया के डिप्टी हाई कमिश्नर निक मैककैफरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तिरंगे के साथ अपनी एक फोटो पोस्ट की। उन्होंने लिखा: “सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं!”

वहीं, भारत में मौजूद नेपाल के दूतावास ने एक्स पर भारत सरकार और लोगों को दिल से शुभकामनाएं भेजते हुए कहा: “भारत और नेपाल के बीच दोस्ती, सद्भावना और सहयोग के पक्के रिश्ते और मजबूत होते रहें।”

शुभकामनाएं देते हुए, भारत में फ्रेंच दूतावास ने एक्स पर लिखा: “भारत हर उस इंसान पर गहरी छाप छोड़ता है जो इसे अपना घर कहता है – भले ही थोड़े समय के लिए। हमने अपने कुछ जाने वाले फ्रेंच साथियों से पूछा कि वे भारत में सबसे ज्यादा किस चीज को मिस करेंगे। उनके जवाब सब कुछ बता देते हैं।”

भारत में कनाडा के हाई कमीशन ने इस मौके पर शुभकामनाएं दीं, और दोनों देशों के बीच बढ़ते रिश्तों और उनकी साझा आर्थिक क्षमता पर जोर दिया।

कनाडाई हाई कमीशन ने एक्स पर लिखा, “स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, भारत! जैसे-जैसे कनाडा और भारत लोगों के बीच रिश्ते गहरे कर रहे हैं और सीईपीए की दिशा में काम कर रहे हैं, हम इनोवेशन, मजबूत सप्लाई चेन और साझा आर्थिक खुशहाली के लिए नए रास्ते बना रहे हैं।”

ताइपे इकोनॉमिक एंड कल्चरल सेंटर ने इस मौके पर भारत की लगातार तरक्की और खुशहाली की कामना की, साथ ही ताइवान और भारत के बीच गहरी दोस्ती और सहयोग की उम्मीद जताई।

एक्स पर कहा, “स्वतंत्रता दिवस के इस पवित्र अवसर पर भारत सरकार और भारत के लोगों को दिल से शुभकामनाएं। ईश्वर से कामना है कि भारत लगातार तरक्की और खुशहाली की ओर अग्रसर हो, और ताइवान – भारत के बीच दोस्ती और सहयोग के रिश्ते दिनोंदिन सुदृढ़ हों।”

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.