बगदाद, 9 नवंबर (आईएएनएस)। इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्दिस्तान क्षेत्र में स्थित ‘खोर मोर’ गैस फील्ड पर रविवार देर रात ड्रोन हमला हुआ। इसके बाद इराक के प्रधानमंत्री और सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ अली अल-जायदी ने मामले की संयुक्त जांच के आदेश दिए हैं।
इराक के जॉइंट ऑपरेशंस कमांड से जुड़े ‘सिक्योरिटी मीडिया सेल’ ने एक बयान में बताया कि हमला रविवार रात स्थानीय समयानुसार 11:10 बजे हुआ। फिलहाल इस हमले में किसी के मारे जाने या घायल होने की खबर नहीं है।
बयान के अनुसार, कुर्दिस्तान क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक जांच समिति बनाई जाएगी, जो हमले की परिस्थितियों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों की जांच करेगी।
कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर ‘शिन्हुआ’ को बताया कि गैस फील्ड पर तीन ड्रोन से हमला किया गया। सीधे हमले की वजह से गैस उत्पादन रोकना पड़ा और वहां आग भी लग गई। ‘खोर मोर’ गैस फील्ड पूरे क्षेत्र में बिजली उत्पादन के लिए प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण स्रोत है।
इस बीच, सितंबर में सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उसके ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर हुआ ड्रोन हमला इराक की जमीन से किया गया था, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा था। सऊदी विदेश मंत्रालय ने उस हमले की निंदा करते हुए कहा था कि इराकी प्रधानमंत्री के अनुरोध पर सऊदी अरब ने फिलहाल कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की है।
मंत्रालय के मुताबिक, ऐसा इसलिए किया गया, ताकि इराक सरकार को अपनी जमीन से सऊदी अरब के खिलाफ होने वाले हमलों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का मौका मिल सके। सऊदी अरब ने यह भी कहा था कि वह अपनी संप्रभुता, सुरक्षा, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और नागरिकों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
वहीं, इराक ने सऊदी अरब के जवाबी कार्रवाई रोकने के फैसले का स्वागत किया था और सऊदी सुरक्षा को खतरे में डालने वाले किसी भी हमले की निंदा की थी। इराकी सेना ने यह भी कहा था कि हमले के जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि सऊदी अरब ने ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर भारी निवेश किया है। यह पाइपलाइन देश के पूर्वी तेल क्षेत्रों से कच्चा तेल लाल सागर (रेड सी) के यनबू बंदरगाह तक पहुंचाती है और होर्मुज स्ट्रेट को बायपास करने का विकल्प प्रदान करती है।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


