लॉस एंजिल्स, 16 सितंबर (आईएएनएस)। कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस में मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) चैट्सवर्थ इलाके में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय अधिकारियों ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।
इससे पहले मंगलवार रात ही इसी इलाके में एक एसयूवी और मेट्रो बस की टक्कर हुई थी, जिसमें कम से कम दो लोगों की जान चली गई थी।
एनबीसी लॉस एंजिलिस न्यूज ने बताया कि इस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल चैट्सवर्थ में हुए सड़क हादसे की कवरेज के लिए किया जा रहा था। और तभी हेलीकॉप्टर भी हादसे का शिकार हो गया।
लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट (एलएएफडी) ने भी हेलीकॉप्टर हादसे की पुष्टि की। विभाग के अनुसार, दुर्घटना चैट्सवर्थ के 9151 नॉर्थ मेसन एवेन्यू पर हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे हेलीकॉप्टर दो व्यावसायिक इमारतों के बीच गिरा।
एनबीसी लॉस एंजिलिस ने बताया कि हादसे के बाद हेलीकॉप्टर में सवार पायलट और अन्य लोगों से संपर्क करने की कोशिश की गई।
इस दुर्घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई, जबकि एक व्यक्ति को पास के अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की हालत के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
सीबीएस न्यूज के अनुसार, हेलीकॉप्टर गिरते समय दो शिपिंग कंटेनरों और वहां खड़े कई वाहनों के ऊपर आ गिरा।
रिपोर्टों के मुताबिक, चैट्सवर्थ में पहले हुए एसयूवी और मेट्रो बस हादसे के कारण कई हेलीकॉप्टर इलाके के ऊपर उड़ रहे थे और अधिकारी तथा मीडिया टीमें मौके पर मौजूद थीं। इसी दौरान यह हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हेलीकॉप्टर के गिरने के बाद वहां आग भी लग गई। आपातकालीन सेवाओं की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रण में लेने का काम शुरू किया।
केटीएलए की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, मलबे में से कम से कम एक व्यक्ति को बाहर निकाला गया। हालांकि, हादसे में कुल कितने लोग घायल हुए, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
बाद में सीबीएस न्यूज ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर लगी आग बुझा दी गई थी।
बचाव और जांच कार्य के दौरान मृतकों में से एक के शव के ऊपर एक अस्थायी ढांचा (कैनोपी) भी लगाया गया, जबकि आपातकालीन कर्मी अपना काम जारी रखे हुए थे।
इस हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) कर रहे हैं। फिलहाल, इस मामले में और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
–आईएएनएस
एवाई/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


