नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलिफेंट 2026’ के 18वें संस्करण का उद्घाटन समारोह सोमवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में आयोजित किया गया। यह अभ्यास 21 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा।
भारतीय सेना के ‘एडिशनल डायरेक्टरेट जनरल ऑफ पब्लिक इन्फॉर्मेशन’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इस एक्सरसाइज का मकसद अर्ध-शहरी और पहाड़ी इलाकों में उग्रवाद-विरोधी ऑपरेशन चलाने के लिए दोनों पक्षों की संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना है।
इसके साथ ही, इसका उद्देश्य बेहतरीन तौर-तरीकों का आदान-प्रदान करना, ऑपरेशनल ड्रिल को बेहतर बनाना और दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल को बढ़ाना भी है।
इस संयुक्त एक्सरसाइज में घेराबंदी और तलाशी अभियान, स्पेशल हेलीबोर्न ऑपरेशन, साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग और ड्रोन व काउंटर-ड्रोन सिस्टम का इस्तेमाल शामिल होगा।
पिछला अभ्यास मई-जून 2025 में मंगोलिया के उलानबटार में आयोजित किया गया था। भारतीय सेना और मंगोलियाई सशस्त्र बलों की ओर से 45-45 जवानों ने भाग लिया।
इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के जनादेश के तहत अर्ध-शहरी और पर्वतीय इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए दोनों पक्षों की संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना है।
संयुक्त प्रशिक्षण में सामरिक स्तर के अभियानों, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान, संचालन अभ्यासों को अत्याधुनिक बनाने और दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में घेराबंदी और तलाशी अभियान, कक्ष गतिविधि अभ्यास, विशेष हेलीकॉप्टर अभियान, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण और ड्रोन तथा ड्रोन-रोधी प्रणालियों का उपयोग आदि गतिविधियां शामिल होंगी। इन अभ्यासों से दोनों सेनाओं के सैनिकों को वास्तविक संचालन परिदृश्यों में एक साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने और संयुक्त रूप से कार्य करने की उनकी क्षमता को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
एक्सरसाइज नोमैडिक एलिफेंट 2026 भारत और मंगोलिया के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ाएगा और दोनों मित्र राष्ट्रों के बीच दीर्घकालिक मित्रता और आपसी विश्वास के बंधन को मजबूत करेगा।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



