लॉस एंजिलिस सिटी अटॉर्नी चुनी गईं भारतीय मूल की मारिसा रॉय, नित्या रमन के साथ रचेंगी नया इतिहास

Summary :

वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय मूल की वकील मारिसा रॉय अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर की सिटी अटॉर्नी चुनी गई हैं। मेयर-इलेक्ट नित्या रमन के साथ ही भारत से जुड़ीं दो महिलाएं अब शहर के तीन प्रमुख निर्वाचित पदों में से दो पर काबिज होंगी। कैलिफोर्निया की डिप्टी अटॉर्नी जनरल रॉय ने पिछले सप्ताह हुए दूसरे चरण के चुनाव में डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी जॉन मैककिनी को हराया। उनकी मां भारत से अमेरिका आकर बसी थीं। चुनाव प्रचार के दौरान रॉय ने अपने परिवार के प्रवासी अनुभव को प्रमुखता से उठाया था। ‘लॉस एंजिलिस टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, रॉय की…

वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय मूल की वकील मारिसा रॉय अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर की सिटी अटॉर्नी चुनी गई हैं। मेयर-इलेक्ट नित्या रमन के साथ ही भारत से जुड़ीं दो महिलाएं अब शहर के तीन प्रमुख निर्वाचित पदों में से दो पर काबिज होंगी।

कैलिफोर्निया की डिप्टी अटॉर्नी जनरल रॉय ने पिछले सप्ताह हुए दूसरे चरण के चुनाव में डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी जॉन मैककिनी को हराया। उनकी मां भारत से अमेरिका आकर बसी थीं। चुनाव प्रचार के दौरान रॉय ने अपने परिवार के प्रवासी अनुभव को प्रमुखता से उठाया था।

‘लॉस एंजिलिस टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, रॉय की जीत और जून में दोबारा निर्वाचित हुए फिलिपिनो-अमेरिकी सिटी कंट्रोलर केनेथ मेजिया के साथ अब शहर के तीनों प्रमुख निर्वाचित पदों पर एशियाई-अमेरिकी प्रतिनिधित्व होगा। यह लॉस एंजिलिस के इतिहास में पहली बार है।

रॉय ने अखबार से कहा, ”मुझे लगता है कि यह केवल एशियाई-अमेरिकी समुदाय ही नहीं, बल्कि प्रवासी समुदाय के लिए भी एक बेहद महत्वपूर्ण क्षण है। एक प्रवासी पृष्ठभूमि की मेयर और एक प्रवासी की बेटी का सिटी अटॉर्नी बनना लॉस एंजिलिस की ओर से यह संदेश है कि वह किस तरह का शहर है।”

उन्होंने बताया कि भारत में रह रहे उनके रिश्तेदारों ने चुनाव पर करीबी नजर रखी थीं और जीत के बाद उन्हें व्हाट्सऐप पर बधाई संदेश भेजे।

रॉय एशियन डेमोक्रेट्स ऑफ लॉस एंजिलिस काउंटी की संस्थापक बोर्ड सदस्य भी हैं। उनके चुनाव अभियान को कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा और सैन फ्रांसिस्को के सिटी अटॉर्नी डेविड चिउ का समर्थन मिला था।

इस समूह ने नित्या रमन का भी समर्थन किया था। रमन छह वर्ष की उम्र में भारत से अमेरिका चली गई थीं। मेयर-इलेक्ट के रूप में अपने पहले संबोधन में उन्होंने लॉस एंजिलिस के मतदाताओं द्वारा एक प्रवासी पृष्ठभूमि के व्यक्ति को शहर का नेतृत्व सौंपने के महत्व का उल्लेख किया था।

एएपीआई इक्विटी एलायंस की कार्यकारी निदेशक मंजुषा पी. कुलकर्णी ने इस उपलब्धि का श्रेय समुदाय की ओर से दशकों से किए जा रहे संगठित प्रयासों को दिया। वहीं, मेजिया ने कहा कि यह परिणाम उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि के साथ-साथ उनकी प्रगतिशील नीतियों के प्रति मतदाताओं के समर्थन को भी दर्शाता है।

लॉस एंजिलिस में मेयर, सिटी अटॉर्नी और सिटी कंट्रोलर का चुनाव पूरे शहर के मतदाता करते हैं। मेयर शहर की कार्यपालिका का नेतृत्व करता है, जबकि सिटी अटॉर्नी कानूनी मामलों में शहर का प्रतिनिधित्व करता है, अधिकारियों को कानूनी सलाह देता है और लागू कानूनों के प्रवर्तन की जिम्मेदारी निभाता है।

नित्या रमन और मारिसा रॉय अलग-अलग पदों पर रहते हुए अपनी स्वतंत्र जिम्मेदारियां निभाएंगी। उनकी जीत को अमेरिकी स्थानीय राजनीति में भारतीय और एशियाई मूल के समुदायों की बढ़ती भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.