ट्रंप की चीन यात्रा और फ्लोरिडा में शी जिनपिंग के प्रस्तावित दौरे पर रूबियो-वांग यी के बीच बातचीत

Summary :

वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मार्को रूबियो ने बुधवार को चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन की प्रस्तावित यात्रा और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के फ्लोरिडा में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के संभावित दौरे पर चर्चा हुई। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, “यह बातचीत ‘चीन के आग्रह’ पर हुई। दोनों नेताओं ने ट्रंप की आगामी चीन यात्रा और शी जिनपिंग की फ्लोरिडा यात्रा से जुड़े मुद्दों पर…

वाशिंगटन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मार्को रूबियो ने बुधवार को चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन की प्रस्तावित यात्रा और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के फ्लोरिडा में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के संभावित दौरे पर चर्चा हुई।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, “यह बातचीत ‘चीन के आग्रह’ पर हुई। दोनों नेताओं ने ट्रंप की आगामी चीन यात्रा और शी जिनपिंग की फ्लोरिडा यात्रा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।”

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा,” दोनों पक्षों ने आपसी सम्मान, निष्पक्षता और पारस्परिकता के आधार पर रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक संबंध बनाए रखने की दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की प्रतिबद्धता को दोहराया।”

बयान के मुताबिक, “दोनों ने शांति और परमाणु निरस्त्रीकरण जैसे लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए शीर्ष नेतृत्व के बीच सार्थक बातचीत के महत्व पर सहमति जताई। इसमें रूस के साथ संभावित त्रिपक्षीय नेताओं की बैठक की संभावना भी शामिल है।”

चीन के विदेश मंत्रालय ने भी इस बातचीत का अपना विवरण जारी किया। चीनी मंत्रालय के मुताबिक, “दोनों पक्षों ने चीन-अमेरिका संबंधों और दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच संपर्क को लेकर विस्तार से विचारों का आदान-प्रदान किया।” मंत्रालय ने बातचीत को “सकारात्मक और रचनात्मक” बताया।

चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने रुबियो से कहा कि सितंबर में शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा सुचारू और सफल रही थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने चीन-अमेरिका संबंधों की नई रूपरेखा को और ठोस बनाने तथा दोनों देशों के बीच संबंधों को सही दिशा देने के लिए स्पष्ट रणनीतिक मार्गदर्शन पर सहमति जताई थी।

वांग ने कहा कि दोनों देशों के “संबंधों में स्थिरता” का मौजूदा दौर आसानी से हासिल नहीं हुआ है। यह दोनों बड़ी शक्तियों के साझा और अपने-अपने हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया एक तर्कसंगत फैसला है।

चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, वांग ने कहा कि अमेरिका के प्रति चीन की नीति में “स्थिरता और निरंतरता बनी हुई है।” चीन अमेरिका के साथ संवाद और सहयोग बढ़ाने, मतभेदों तथा संवेदनशील मुद्दों को उचित तरीके से सुलझाने और 2026 में होने वाली एपेक आर्थिक नेताओं की अनौपचारिक बैठक तथा जी-20 शिखर सम्मेलन को सफल बनाने में पारस्परिक सहयोग के लिए तैयार है।

उन्होंने रणनीतिक स्थिरता पर आधारित रचनात्मक द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.