नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय मिशन को सौंपी तीन प्राचीन मूर्तियां और कलाकृतियां

Summary :

कैनबरा, 11 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने तीन प्राचीन भारतीय कलाकृतियां कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग को सौंप दी हैं। यह हस्तांतरण जुलाई 2026 में तीसरे वार्षिक लीडर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के बीच हुए वादे के तहत किया गया है। इन कलाकृतियों में देवी भद्रकाली के कांसे का त्रिशूल, नंदी की ग्रेनाइट प्रतिमा और छह सिर वाले कार्तिकेय की बेसाल्ट पत्थर मूर्ति शामिल है। भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने के जो प्रयास कर रहा है, उसमें यह एक बड़ा कदम है। भारतीय मिशन ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “जुलाई…

कैनबरा, 11 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने तीन प्राचीन भारतीय कलाकृतियां कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग को सौंप दी हैं। यह हस्तांतरण जुलाई 2026 में तीसरे वार्षिक लीडर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के बीच हुए वादे के तहत किया गया है।

इन कलाकृतियों में देवी भद्रकाली के कांसे का त्रिशूल, नंदी की ग्रेनाइट प्रतिमा और छह सिर वाले कार्तिकेय की बेसाल्ट पत्थर मूर्ति शामिल है। भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने के जो प्रयास कर रहा है, उसमें यह एक बड़ा कदम है।

भारतीय मिशन ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “जुलाई 2026 में तीसरे वार्षिक ‘लीडर्स समिट’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एंथनी अल्बनीज के बीच प्राचीन कलाकृतियों को लौटाने पर सहमति बनी थी। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय उच्चायोग ने नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया से तीन बहुमूल्य भारतीय कलाकृतियां औपचारिक रूप से प्राप्त कर ली हैं और इन्हें भारत भेजा जा रहा है। इनमें देवी भद्रकाली का कांसे का त्रिशूल, नंदी की ग्रेनाइट प्रतिमा और छह सिर वाले कार्तिकेय की बेसाल्ट पत्थर की मूर्ति शामिल हैं।”

मिशन ने आगे कहा, “हम इस हस्तांतरण प्रक्रिया में नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया के सहयोग की सराहना करते हैं। ये बहुमूल्य कलाकृतियां जल्द ही भारत पहुंचेंगी और हमारी अनमोल विरासत अपने घर लौटेगी!”

इससे पहले जुलाई में, प्रधानमंत्री अल्बनीज ने घोषणा की थी कि भारत के लिए सांस्कृतिक महत्व रखने वाली वे वस्तुएं, जो अभी ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न संग्रहालयों में रखी गई हैं, उन्हें वापस लौटा दिया जाएगा। उन्होंने चेन्नई के सरकारी संग्रहालय से ऑस्ट्रेलिया के ‘फर्स्ट नेशंस’ (मूल निवासी) के एक पूर्वज के अवशेषों को वापस भेजने की दिशा में हुई प्रगति को भी सराहा था।

प्रधानमंत्री अल्बनीज ने चेन्नई के सरकारी संग्रहालय में रखे गए ऑस्ट्रेलियाई ‘फर्स्ट नेशन्स पूर्वज’ के अवशेषों को स्वैच्छिक रूप से उनके पारंपरिक संरक्षकों को सौंपने के फैसले का स्वागत किया था।

मेलबर्न में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अल्बनीज ने कहा, “मैं चेन्नई के सरकारी संग्रहालय में रखे गए ऑस्ट्रेलिया के ‘फर्स्ट नेशंस पूर्वज’ के अवशेषों को वापस भेजने की दिशा में हुई प्रगति का स्वागत करता हूं। भारत इन अवशेषों को स्वेच्छा से और बिना किसी शर्त के उनके पारंपरिक संरक्षकों को वापस सौंप देगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मित्रता की भावना का सम्मान करते हुए, ऑस्ट्रेलिया अपनी ओर से सांस्कृतिक महत्व की कई वस्तुएं भारत को लौटाएगा। ये वस्तुएं पहले ‘नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया’ और ‘आर्ट गैलरी ऑफ न्यू साउथ वेल्स’ के संग्रह में रखी गई थीं।”

ऑस्ट्रेलिया के ‘फर्स्ट नेशंस पूर्वज’ को वापस भेजने के प्रधानमंत्री मोदी के फैसले की तारीफ करते हुए, अल्बनीज ने कहा था कि इस पहल से आपसी घावों को भरने, न्याय और सुलह की राह आसान होगी। साथ ही, यह ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों और लोगों के बीच बढ़ते संपर्कों को भी रेखांकित करता है।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.