तेल अवीव, 11 नवंबर (आईएएनएस)। इजरायल की डिफेंस कंपनी ‘रफेल’ (रफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स) ने बुधवार सुबह एक नई लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल ‘सुपर आइस’ का अनावरण किया। अपने पिछले वर्जन की तुलना में कहीं अधिक शक्तिशाली वारहेड ले जाने और लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम है।
कंपनी के अनुसार, सुपर आइस मिसाइल 1,000 पाउंड (करीब 454 किलोग्राम) का वारहेड ले जा सकती है। यह वारहेड मार्क-83 बम के अनुरूप है। मिसाइल को लड़ाकू विमानों, नौसैनिक पोतों और जमीन आधारित लॉन्चरों सहित अलग-अलग प्लेटफॉर्म से दागा जा सकता है। कंपनी का कहना है कि इससे सैन्य अभियानों के संचालन में मदद मिलेगी।
रफेल द्वारा पहले विकसित की गई क्रूज मिसाइलों—जैसे ‘आइस ब्रेकर’ और ‘सी ‘ब्रेकर’—में 250 पाउंड तक का वॉरहेड ले जाने की क्षमता थी और इनकी रेंज 300 किलोमीटर तक थी।
‘सुपर आइस’ की सटीक रेंज का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन कंपनी का कहना है कि इसे “जटिल ऑपरेशनल (सैन्य अभियानों) जरूरतों को पूरा करने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों व लंबी दूरी पर मौजूद महत्वपूर्ण रणनीतिक लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।”
कंपनी के मुताबिक, इस मिसाइल में कई उन्नत क्षमताएं शामिल हैं। इनमें स्वायत्त नेविगेशन प्रणाली (ऑटोनॉमस नेविगेशन सिस्टम), जमीन की भौगोलिक बनावट के अनुरूप कम ऊंचाई पर उड़ान भरने की क्षमता, हर मौसम में संचालन और विभिन्न प्रकार के लक्ष्यों पर अत्यधिक सटीक हमला करने की क्षमता शामिल है।
रफेल ने कहा कि इन विशेषताओं के जरिए सुपर आइस को जटिल परिचालन परिस्थितियों और लंबी दूरी के सैन्य अभियानों के लिए तैयार किया गया है।
रफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स इजरायल की एक प्रमुख सरकारी रक्षा कंपनी है, जो उन्नत सैन्य तकनीक और हथियार प्रणालियों का विकास और निर्माण करती है। यह कंपनी विश्व प्रसिद्ध एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम और उसकी ‘तामिर’ इंटरसेप्टर मिसाइलों का निर्माण करती है।
जनवरी 2026 में तेल अवीव स्टॉक एक्सचेंज पर आईपीओ के जरिए इसके आंशिक निजीकरण का निर्णय इजरायल सरकार ने लिया था।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



