ईरान समर्थित आतंकी नेटवर्क में शामिल होने का आरोप, तीन गिरफ्तार

Summary :

वाशिंगटन, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में तीन लोगों पर आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। अभियोजकों का कहना है कि इन लोगों ने ईरान के कहने पर यूरोप में हमले करवाने और अमेरिका में हिंसा फैलाने की साजिश रची थी। इसमें ब्रिटेन के एक एयरबेस को निशाना बनाने की योजना भी थी, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। हालांकि इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। न्याय विभाग ने मंगलवार (स्थानीय समय) को बताया कि आठ आरोपों वाले एक नए अभियोग पत्र (इंडिक्टमेंट) में तीन लोगों का नाम है। जिसमें ईरान और इराक दोनों की नागरिकता रखने वाले…

वाशिंगटन, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में तीन लोगों पर आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। अभियोजकों का कहना है कि इन लोगों ने ईरान के कहने पर यूरोप में हमले करवाने और अमेरिका में हिंसा फैलाने की साजिश रची थी। इसमें ब्रिटेन के एक एयरबेस को निशाना बनाने की योजना भी थी, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। हालांकि इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।

न्याय विभाग ने मंगलवार (स्थानीय समय) को बताया कि आठ आरोपों वाले एक नए अभियोग पत्र (इंडिक्टमेंट) में तीन लोगों का नाम है। जिसमें ईरान और इराक दोनों की नागरिकता रखने वाले मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी, ईरानी नागरिक मोहसेन मोहाजेरी और इराकी नागरिक मोहम्मद अली अल-हसनी का नाम शामिल हैं।

इन लोगों पर ईरान के ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (आईआरजीसी) और ‘कताइब हिजबुल्लाह’ को समर्थन देने का आरोप है। अमेरिका ने इन दोनों संगठनों को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। अभियोजकों के अनुसार, यह नेटवर्क लगभग 20 हमलों और हमलों की कोशिशों से जुड़ा है।

हाल ही में इनका निशाना यूनाइटेड किंगडम में स्थित ‘आरएएफ फेयरफोर्ड’ एयरबेस था। सितंबर में जब हमले की कोशिश की गई, तब वहां अमेरिकी विमान और सैन्यकर्मी मौजूद थे।

अभियोग पत्र के अनुसार, अल-हसनी ने विदेश में रहते हुए ब्रिटेन में मौजूद अपने साथियों की मदद से इस साजिश को अंजाम दिया। उस समय मोहाजेरी भी ईरान में था, जबकि अल-सादी पहले से ही आतंकवाद के अन्य आरोपों में न्यूयॉर्क में संघीय हिरासत में था।

अभियोजकों का आरोप है कि जेल में बंद होने के बावजूद, अल-सादी ने इराक में अपने रिश्तेदारों से फोन पर बातचीत के जरिए अपने साथियों को गुप्त संदेश (कोडेड मैसेज) भेजे।

संघीय अभियोजकों ने बताया कि इन साजिशों की तैयारी अगस्त में शुरू हुई थी। इनके साथियों ने एयरबेस की रेकी (निगरानी) की, वैन और ईंधन के ड्रम जुटाए, आग भड़काने वाले रसायनों के बारे में जानकारी जुटाई और ऐसी धातु की चीजें हासिल कीं जिनका इस्तेमाल विस्फोट के दौरान छर्रों की तरह किया जा सकता था।

अभियोजकों के मुताबिक, इन वैन पर इस तरह के निशान लगाए गए थे जिससे वे ऐसी गाड़ियां लगें जो ईंधन की डिलीवरी या स्विमिंग पूल के लिए जरूरी सामान पहुंचाने का काम करती हों।

26 सितंबर को तीन वैन ‘आरएएफ फेयरफोर्ड’ की ओर बढ़ीं। इनमें से कम से कम दो वैन सुरक्षा जांच चौकियों पर फंस गईं और अपने तय रास्ते पर आगे नहीं बढ़ सकीं। ब्रिटिश अधिकारियों ने तीन वैन बरामद कीं और अगली सुबह उनमें सवार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने चेतावनी दी कि अमेरिकी सैन्यकर्मियों वाले ठिकानों के खिलाफ साजिश रचने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ब्लैंच ने कहा, “जो कोई भी अमेरिकी सैन्यकर्मियों वाले किसी सैन्य अड्डे पर आतंकवादी साजिश रचेगा, उसके खिलाफ अमेरिकी सरकार कानूनी कार्रवाई करेगी।”

आरोप-पत्र में यूरोप में यहूदी समुदायों पर हुए कई हमलों का जिक्र है। अभियोजकों का कहना है कि ये लोग ‘हरकत अशब अल-यमीन अल-इस्लामिया’ (एचएवाईआई) नाम के एक समूह के जरिए काम करते थे। बताया जाता है कि यह समूह ईरान से जुड़े आतंकवादी संगठनों के लिए एक मुखौटे (फ्रंट) के तौर पर काम करता है।

इस समूह ने स्प्रिंग (वसंत ऋतु) के दौरान यूरोप में हुए 18 हमलों की जिम्मेदारी ली, जिनमें से 7 हमले ब्रिटेन में हुए थे। इन घटनाओं में आगजनी, विस्फोट और लंदन में दो यहूदी पुरुषों पर जानलेवा चाकू से हमला करना शामिल है। इनमें से एक व्यक्ति के पास ब्रिटेन और अमेरिका दोनों की नागरिकता थी।

जांचकर्ताओं का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने कुछ हमलों को दूर से ही, यानी लाइव वीडियो कॉल के जरिए निर्देशित किया था।

अल-सादी को मई में विदेश में गिरफ्तार किया गया था और बाद में उसे अमेरिकी हिरासत में सौंप दिया गया।

इन आरोपों में आतंकवादी संगठनों को भौतिक सहायता देने की साजिश रचना, आतंकवाद के लिए फंडिंग करना और किसी सार्वजनिक स्थान पर बम विस्फोट करने की साजिश रचना शामिल है।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.