रूस के राष्ट्रपति पुत‍िन ने सेना में क‍िए कई बड़े बदलाव, वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की

Summary :

मॉस्को, 5 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को सेना और रक्षा मंत्रालय में कई वरिष्ठ स्तर की नियुक्तियों और बदलावों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से सेना की संगठनात्मक व्यवस्था और बेहतर होगी। क्रेमलिन में रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव, रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ प्रमुख वालेरी गेरासिमोव और सेंटर और ईस्ट सैन्य समूहों के कमांडरों के साथ हुई बैठक में पुतिन ने कहा कि रक्षा मंत्रालय कमान और लॉजिस्टिक्स (सैन्य आपूर्ति व्यवस्था) को और प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। पुतिन ने बताया कि हाल ही में हथियारों की…

मॉस्को, 5 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को सेना और रक्षा मंत्रालय में कई वरिष्ठ स्तर की नियुक्तियों और बदलावों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से सेना की संगठनात्मक व्यवस्था और बेहतर होगी।

क्रेमलिन में रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव, रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ प्रमुख वालेरी गेरासिमोव और सेंटर और ईस्ट सैन्य समूहों के कमांडरों के साथ हुई बैठक में पुतिन ने कहा कि रक्षा मंत्रालय कमान और लॉजिस्टिक्स (सैन्य आपूर्ति व्यवस्था) को और प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है।

पुतिन ने बताया कि हाल ही में हथियारों की खरीद और आपूर्ति की जिम्मेदारी उप रक्षा मंत्री अलेक्जेंडर सांचिक को सौंपी गई है, जो पहले फील्ड कमांडर रह चुके हैं। उन्होंने वालेरी सोलोडचुक को भी उप रक्षा मंत्री नियुक्त किया है। सोलोडचुक अब सेना की सभी पीछे की सहायता और लॉजिस्टिक्स सेवाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ के अनुसार, पुतिन ने मोर्चे पर तैनात कई सैन्य समूहों के नेतृत्व में भी बदलाव को मंजूरी दी है। आंद्रे इवानायेव को ‘सेंटर ग्रुप ऑफ फोर्सेज’ का कमांडर नियुक्त किया गया है। पुतिन ने कहा कि यह समूह डोनेट्स्क क्षेत्र में महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों को अंजाम देने की जिम्मेदारी संभालता है।

प्योत्र बोल्गारेव को ईस्टर्न मिलिट्री डिस्ट्रिक्ट का कार्यवाहक कमांडर और ‘ईस्ट ग्रुप ऑफ फोर्सेज’ का प्रमुख बनाया गया है।

पुतिन ने घोषणा की कि डेनिस ल्यामिन, जो पहले सेंटर ग्रुप ऑफ फोर्सेज के चीफ ऑफ स्टाफ थे, अब रूस की नई स्थापित मानवरहित सैन्य प्रणाली के गठन और विकास की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पिछले सप्ताह पुतिन ने एक राष्ट्रपति आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत रूसी सशस्त्र बलों में सैनिकों की संख्या 25,000 बढ़ाने का फैसला किया गया। यह जानकारी कानूनी दस्तावेजों के आधिकारिक पोर्टल पर प्रकाशित की गई थी।

जून में रूसी राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों की कुल स्वीकृत संख्या 23,99,130 कर्मियों तय की थी, जिनमें 15,10,000 सैनिक शामिल थे।

नए आदेश में कहा गया है, “रूसी सशस्त्र बलों के भीतर नए सैन्य निर्माण इकाइयों की स्थापना के कारण, 12 जून 2026 के राष्ट्रपति आदेश संख्या 419 में संशोधन किया जाता है। अब रूसी सशस्त्र बलों की स्वीकृत कुल संख्या 2426130 कर्मियों की होगी, जिनमें 1535000 सैनिक शामिल होंगे।”

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.