व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी: सीक्रेट सर्विस की कार्रवाई के बाद कुछ देर के लिए ‘लॉकडाउन’

Summary :

वाशिंगटन, 5 मई (आईएएनएस)। व्हाइट हाउस के पास एक हथियारबंद व्यक्ति को गोली मारने के बाद कुछ समय के लिए वहां लॉकडाउन लगा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब उस व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मियों पर गोली चला दी। डिप्टी डायरेक्टर मैट क्विन ने पत्रकारों को बताया कि यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। सादे कपड़ों में तैनात सीक्रेट सर्विस के कर्मचारियों ने व्हाइट हाउस के बाहरी इलाके में गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जिसके पास हथियार होने का शक था। इसके बाद पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। जब अधिकारियों ने उस…

वाशिंगटन, 5 मई (आईएएनएस)। व्हाइट हाउस के पास एक हथियारबंद व्यक्ति को गोली मारने के बाद कुछ समय के लिए वहां लॉकडाउन लगा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब उस व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मियों पर गोली चला दी।

डिप्टी डायरेक्टर मैट क्विन ने पत्रकारों को बताया कि यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। सादे कपड़ों में तैनात सीक्रेट सर्विस के कर्मचारियों ने व्हाइट हाउस के बाहरी इलाके में गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जिसके पास हथियार होने का शक था। इसके बाद पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया।

जब अधिकारियों ने उस व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की, तो वह थोड़ी दूर भागा और फिर अचानक बंदूक निकालकर सुरक्षाकर्मियों की तरफ गोली चला दी। जवाब में सुरक्षाकर्मियों ने भी गोली चलाई, जिसमें वह व्यक्ति घायल हो गया। घायल संदिग्ध को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इस गोलीबारी में एक नाबालिग राहगीर भी घायल हुआ। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है और उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चे को संदिग्ध की गोली लगी थी।

यह घटना व्हाइट हाउस से कुछ दूरी पर 15वीं स्ट्रीट और इंडिपेंडेंस एवेन्यू के पास हुई। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि संदिग्ध पर पहले से थोड़ी देर तक नजर रखी जा रही थी, क्योंकि उसके पास हथियार होने के संकेत मिले थे।

घटना के बाद व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन में मौजूद पत्रकारों को अंदर जाने के लिए कहा गया। कुछ ही मिनटों में लॉकडाउन हटा लिया गया और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ईस्ट रूम में एक छोटे बिजनेस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ट्रंप ने इस घटना पर सीधे कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने राजधानी की सुरक्षा को लेकर कहा कि वॉशिंगटन डीसी अब अमेरिका के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है।

अधिकारियों ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि संदिग्ध का निशाना राष्ट्रपति या व्हाइट हाउस था। मामले की जांच जारी है। उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला घटना से कुछ समय पहले उसी इलाके से गुजरा था, लेकिन ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि उस पर हमला करने की योजना थी।

घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया गया है। इस मामले की जांच अब मेट्रोपॉलिटन पुलिस डिपार्टमेंट करेगी। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब वाशिंगटन में पहले से ही सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। अप्रैल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान भी एक हथियारबंद व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुस गया था और एक सुरक्षाकर्मी को घायल कर दिया था।

–आईएएनएस

एएस/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.