दार एस सलाम, 8 सितंबर (आईएएनएस)। तंजानिया के प्रथम पुरुष और राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन के पति हाफिद आमिर हसन के निधन पर सोमवार को विश्व नेताओं ने शोक व्यक्त किया। उनका निधन हार्ट अटैक के इलाज के दौरान जंजीबार के एक अस्पताल में हुआ।
उपराष्ट्रपति देओग्राटियस एनडेजेम्बी ने बताया कि हाफिद का निधन सोमवार की सुबह लगभग 8 बजे हुआ। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को ही जंजीबार के किजिमकाजी में किया जाना था।
केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मुझे तंजानिया की राष्ट्रपति डॉ. सामिया सुलुहु हसन के पति हाफिद आमिर हसन के निधन की खबर गहरे दुख के साथ मिली है।”
उन्होंने आगे लिखा, “केन्या सरकार और केन्या के लोगों, प्रथम महिला, मेरे परिवार और अपनी ओर से, मैं राष्ट्रपति सामिया, उनके परिवार और तंजानिया के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। राष्ट्रपति सामिया ने जीवन भर के साथी को खो दिया है, उनके बच्चों ने एक प्यारे पिता को खो दिया और तंजानिया ने एक प्रतिष्ठित सपूत को खो दिया है। इस शोक के क्षण में केन्या हमारे तंजानियाई भाइयों और बहनों के साथ खड़ा है। ईश्वर राष्ट्रपति सामिया और उनके परिवार को सांत्वना दें, उन्हें इस कठिन समय में शक्ति दें और हाफिद आमिर हसन को शाश्वत शांति प्रदान करें।”
रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कागामे ने कहा, “मेरी बहन, राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन, उनके परिवार और तंजानिया के लोगों के प्रति हाफिद आमिर हसन के निधन पर मेरी संवेदनाएं।”
उन्होंने कहा, “रवांडा की सरकार और जनता तंजानिया के हमारे भाइयों और बहनों और राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन के साथ एकजुटता में खड़ी है, क्योंकि वे हाफिद आमिर हसन के जीवन और विरासत को सम्मान दे रहे हैं।”
जाम्बिया के राष्ट्रपति हकाइंदे हिचिलेमा ने कहा, “हम राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन को उनके पति हाफिद आमिर हसन के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इस कठिन समय में हम प्रथम परिवार और तंजानिया संयुक्त गणराज्य के सभी नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।”
सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद ने कहा, “मैं तंजानिया संयुक्त गणराज्य की राष्ट्रपति महामहिम डॉ. सामिया सुलुहु हसन को उनके पति हाफिद आमिर हसन के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। सोमालिया इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और तंजानिया के लोगों के साथ खड़ा है। अल्लाह उन्हें जन्नतुल फिरदौस अता फरमाए।”
हाफिद एक कृषि विशेषज्ञ थे और सार्वजनिक जीवन में कम ही नजर आते थे। उन्होंने 1978 में सामिया से शादी की थी। दंपति के चार बच्चे हैं।
–आईएएनएस
केके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



