बुडापेस्ट, 16 अगस्त (आईएएनएस)। हंगरी में रविवार तड़के भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और 10 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एम3 मोटरवे (राजमार्ग) पर मेजोकेरेजटेस शहर के पास पोलैंड में रजिस्टर्ड टूरिस्ट बस खाई में गिर गई। 24 टन वजनी कोट को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल करना पड़ा। इसके नीचे कई यात्री दबे पड़े थे।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 1 बजे मेजोकेरेजटेस से निकलने के थोड़ी देर बाद, न्यिरेगीहाजा शहर की ओर जाने वाले मोटरवे पर पलट गई। सरकारी समाचार एजेंसी एमटीआई के अनुसार, बस में 57 यात्री और दो ड्राइवर सवार थे।
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आई जिससे वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यह दुर्घटना हुई। ड्राइवर को पुलिस कस्टडी में लिया जा रहा है।
नेशनल एम्बुलेंस सर्विस (ओएमएसजेड) ने कहा कि हादसा बड़ा था इसलिए 14 एम्बुलेंस यूनिट्स को मौके पर भेजा गया। एक व्यक्ति की जान को खतरा है, जबकि नौ को ज्यादा चोट आई है। वहीं, 37 अन्य लोगों को मामूली चोट आई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन खास तौर पर मुश्किल था क्योंकि कई पैसेंजर पलटी हुई गाड़ी के नीचे फंसे हुए थे। सुबह करीब 3 बजे तक, फायरफाइटर्स ने बस से 35 लोगों को बचा लिया था। 24 टन वजनी कोच को हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी ताकि रेस्क्यू टीम उसके नीचे फंसे लोगों तक पहुंच सके। मौके पर सिविलियन क्रेन बुलाई गईं, जबकि फायरफाइटर्स ने क्रेन के आने तक गाड़ी के पिछले एक्सल को उठाने के लिए विंच का इस्तेमाल किया।
इस हादसे पर हंगरी और पोलिश अधिकारियों ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई और बचाव अभियान में शामिल इमरजेंसी सेवाओं और नागरिकों को धन्यवाद दिया।
हंगरी की विदेश मंत्री अनीता ओर्बन ने कहा कि उनका देश हर संभव मदद पहुंचा रहा है, जबकि पोलिश दूतावास हादसा पीड़ितों से जुड़े मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी और विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पोलिश कांसुलर लगातार हंगरी के अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



