लास वेगास में आयोजित एक संगीत समारोह के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी कर 59 लोगों की जान लेने वाले बंदूकधारी स्टीफन पेडॉक की प्रेमिका ने कहा कि उसे हमले की योजना की कोई जानकारी नहीं थी। साथ ही उसने पेडॉक को एक शांत तथा परवाह करने वाला शख्स करार दिया।
कल प्रभावितों के परिजन से मिलने लास वेगास पहुंचे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इस भीषण गोलीबारी की घटना से देश शोकग्रस्त है।मारिलोउ डेनेली ने गोलीबारी पर अपने पहले सार्वजनिक बयान में कहा कि वह स्टीफन पैडॉक के साथ अपना भविष्य बिताना चाहती थी।इस घातक हमले में कम से कम 59 लोग मारे गए और करीब 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
मारिलोउ (62) मंगलवार देर रात फिलिपीन से अमेरिका पहुंची, जहां उनसे एफबीआई एजेंटों ने मुलाकात की।उनके अटॉर्नी मैथ्यू लोम्बार्ड ने एक बयान पढ़ा जिसमे मारिलोउ ने कहा है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि क्या होने वाला है। मारिलोउ ने कहा, मैं स्टीफन पैडॉक को एक सज्जन, परवाह करने वाले और शांत इंसान के तौर पर जानती थी। मैं उससे प्यार करती थी और उसके साथ भविष्य बिताना चाहती थी।
उसने कहा, उसने न तो मुझे कभी कुछ बताया या न ही ऐसा कोई कदम उठाया जिससे मैं अनुमान लगा पाती कि ऐसा कुछ भयानक होने वाला है।मारिलोउ ने बताया कि दो सप्ताह पहले पैडॉक ने कहा था कि उसे उसके परिजनों से मिलने के लिए फिलिपीन जाने की खातिर एक किफायती हवाई टिकट मिली है और जब वह फिलिपीन में थी तब उसने वहां मकान खरीदने के लिए उसे कुछ धन राशि भी भेजी थी।
उसने कहा कि उस समय उसे लगा कि पेडॉक उससे रिश्ता खत्म करना चाहता है।मारिलोउ एक आस्ट्रेलियाई नागरिक है जो काम के सिलसिले में 20 साल पहले अमेरिका चली गई थी। उसने कहा मुझे यह बिल्कुल संकेत नहीं मिला कि वह किसी के खिलाफ हिंसा की योजना बना रहा है।बहरहाल, जांचकर्ताओं का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि 64 वर्षीय पेडॉक ने गोलीबारी की विस्तृत योजना बनाई थी। पैडॉक ने एक कैमरा अपने कमरे के दरवाजे में और दो कैमरे हॉलवे में लगाए थे।


Download Android App
Download iOS App



