पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का अमेरिका के दौरे से लौटने पर यहां हवाईअड्डे पर बुधवार देर रात जोरदार स्वागत किया गया। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे और ढोल नगाड़े बजा रहे थे। एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के ‘सफल’ दौरे से लौटे प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत हुआ। इस पर इमरान ने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है कि वह किसी विदेशी दौरे से नहीं लौटे हैं बल्कि वर्ल्ड कप जीतकर आए हैं। 1992 में इमरान के नेतृत्व में पाकिस्तान ने क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था।
इस्लामाबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरान का स्वागत करने वालों में उनकी पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल थे। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ता नाच-गा रहे थे और इमरान के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इमरान ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा, “हमें पाकिस्तान को महान बनाना है। महान विचारक व कवि अल्लामा इकबाल के सपनों के अनुरूप पाकिस्तान का महान मुल्क बनना तय है। और, यह भीख मांगकर नहीं होगा। मैं न किसी के आगे झुका हूं न किसी के आगे पाकिस्तानी कौम को झुकने दूंगा। जो कौमें अपने पैर पर खड़ी हुईं, उन्होंने कभी भीख नहीं मांगी, किसी के आगे हाथ नहीं फैलाया।”
अमेरिका से पाकिस्तान लौटने के दौरान रास्ते में इमरान कतर में कुछ देर के लिए रुके और कतर के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला बिन नस्र बिन अल सानी के दोहा स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर बात हुई।


Download Android App
Download iOS App



