प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में एक गिरिजाघर में हुए हमले सहित हाल के दिनों में वहां हुई आतंकवादी घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत फ्रांस के साथ खड़ा है।
भूमध्य सागरीय शहर नीस में बृहस्पतिवार को एक गिरिजाघर में हमलावर द्वारा चाकू से किए गए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘फ्रांस में आज एक गिरिजाघर में हुए हमले सहित हाल के दिनों में वहां हुई आतंकवादी घटनाओं की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पीड़ित परिवारों और फ्रांस की जनता के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत फ्रांस के साथ खड़ा है।’’
भारत ने इस्लामी चरमपंथ पर फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुअल मैक्रों के कड़े रुख के बाद उन पर व्यक्तिगत हमलों की बुधवार को कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय विमर्श के सबसे बुनियादी मानकों का उल्लंघन बताया था।
विदेश मंत्रालय ने कड़े शब्दों में जारी एक बयान में बर्बर आतंकवादी हमले की भी निंदा की थी, जिसमें फ्रांस के एक शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
मंत्रालय ने बयान में कहा था, ”हम बर्बर आतंकवादी हमले में फ्रांस के एक शिक्षक की निर्ममता से हत्या किये जाने की भी निंदा करते हैं, जिसने पूरे विश्व को स्तब्ध कर दिया। हम उनके परिवार और फ्रांस के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं। ”
विदेश मंत्रालय के बयान के बाद भारत में फ्रांस के राजदूत एमेनुअल लिनेन ने ट्वीट कर भारत का आभार जताया और कहा कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ जंग में एक-दूसरे का सहयोग कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



