न्यूयार्क : अमेरिका में भारतीय मूल के एक रेस्टोरेंट मालिक पर एक ग्राहक ने नस्लीय निशाना साधते हुए उसे एवं उसके परिवार को ‘भारत का एक आदिवासी’ करार दिया और कहा कि वह अपने होटल में खाने पीने से होने वाली आमदनी से ‘संभवत: सिर्फ अलकायदा का वित्तपोषण’ करता है। डब्ल्यूएसएजेड-टीवी ने खबर दी है कि केंटुकी के एशलैंड में ‘द किंग्स डिनर’ के मालिक ताज सरदार के रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद उन पर नस्लीय टिप्पणी की गयी। छोटे से इस होटल में घर का बना हुआ और भारतीय खाना परोसा जाता है।
इस खबर में बताया गया है कि बाद में व्यक्ति ने रेस्टोरेंट की तस्वीर ले ली और फेसबुक पर भोजन और साथ ही वहां मौजूद लोगों के बारे में अपनी नाराजगी व्यक्त की। फेसबुक पोस्ट डालने वाले ने लिखा कि वह वहां गया और भारत के एक आदिवासी व्यक्ति ने उसका स्वागत किया। उसे शर्मिंदगी महसूस हुई क्योंकि संभवत: वह आदिवासी अलकायदा को वित्त पोषित करता है। सरदार ने कहा, ‘‘जब मैंने फेसबुक पर इसे पढ़ा तो मुझे लगा कि हे भगवान, क्या यह गंभीर है?’’ उन्होंने उम्मीद जताई कि उन्हें वहां से निकलने को मजबूर नहीं किया जाएगा जहां वह साल 2010 से रह रहे हैं। फेसबुक पर नस्लीय पोस्ट डाले जाने के बाद से इस रेस्तरां में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग आ कर ताज सरदार के प्रति अपना समर्थन जाहिर कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



