दुबई के एक अस्पताल में कूल्हा प्रत्यारोपण सर्जरी के बाद कुछ जटिलताओं की वजह से एक भारतीय महिला की मौत हो गई। खलीज टाइम्स की सोमवार की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई की रहने वाली बेट्टी रीटा फर्नाडिस एक शेफ थीं और ‘बेट्टी केक टेल्स’ नाम से एक दुकान चलाती थीं।
अल जहरा अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद अब्देलगनी ने एक बयान में कहा, ‘सर्जरी के बाद नौ मई को बेट्टी रीटा फर्नांडिस के निधन के संदर्भ में हमने उनके परिवार को सभी घटनाक्रमों और चल रही समीक्षाओं के बारे में अवगत कराया है।’ उन्होंने कहा, ‘वर्तमान में इस मामले के संदर्भ में अस्पताल, दुबई हेल्थ अथॉरिटी (डीएचए) और ज्वाइंट कमीशन इंटरनेशनल (जेसीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार बहु-स्तरीय गहन समीक्षाओं के साथ जांच की जा रही है।
मामले में स्वतंत्र मूल्यांकन व समीक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों और डीएचए को भी सूचित किया गया। हम रोगी के परिवार को आगे की जानकारियों से अवगत कराते रहेंगे।’ डीएचए ने कहा है कि मामले में जांच जारी है और विभाग ‘कथित लापरवाही या कदाचार की हर एक बात से सख्ती से निपटेगा।’


Download Android App
Download iOS App



