ईरान की राजधानी तेहरान में आज यानि रविवार को आयोजित होने वाले भारत-ईरान संयुक्त आयोग की 19वीं बैठक में भाग लेने आ रहे विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर का यहां पहुंचने पर ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद स्वागत करेंगे। बैठक में दोनों मंत्री आपसी हितों के मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
इस दौरान जयशंकर के राष्ट्रपति हसन रूहानी से भी मुलाकात करने की संभावना है। इससे पहले भारत और अमेरिका के बीच 2 प्लेस 2 बातचीत में ईरान के चाबहार बंदरगाह योजना को लेकर संबंधित मामलों पर शंकाओं को दूर कर लिया गया था। बातचीत के बाद जयशंकर ने कहा था, “अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ का चाबहार परियोजना पर समर्थन को दोहराने के लिए मैं बहुत आभारी हूं। इस परियोजना से अफगानिस्तान को अत्यधिक लाभ होगा।”
अफगानिस्तान, ईरान और भारत ने इंडिया पोट्र्स ग्लोबल लिमिटेड कंपनी द्वारा दिसंबर 2018 से शहीद बेहेश्टी बंदरगाह पर संचालन का कार्यभार संभालने और बंदरगाह संचालन में निरंतर प्रगति का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने बयान में बताया है कि इस चाबहार बंदरगाह के माध्यम से पांच लाख टन से अधिक सामान को सफलतापूर्वक भेजा गया है। जिसमें अफगानिस्तान से निर्यात भी शामिल है जो फरवरी 2019 में शुरू हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



