अमेरिका में केतनजी ब्राउन जैक्सन ने उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। इसके साथ ही वह देश की शीर्ष अदालत में पहली अश्वेत महिला न्यायाधीश भी बन गईं।
51 वर्षीय जैक्सन अदालत की 116वीं न्यायधीश हैं और उन्होंने बृहस्पतिवार को उस न्यायाधीश की जगह ली, जिसके लिए उन्होंने कभी काम किया था। न्यायमूर्ति स्टीफन ब्रेयर आज सेवानिवृत्त हुए।
कुछ देर बाद जैक्सन ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों के लिए आवश्यक दो शपथ लीं, एक ब्रेयर द्वारा दिलाई गई जबकि दूसरी मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स द्वारा दिलाई गई।
अदालत द्वारा जारी एक बयान में जैक्सन ने कहा, ‘‘पूरे दिल से, मैं अमेरिका के संविधान का समर्थन करने और रक्षा करने तथा बिना किसी डर या पक्षपात के न्याय करने की गंभीर जिम्मेदारी स्वीकार करती हूं, इसलिए ईश्वर मेरी मदद करें। मैं अपने सभी नए सहयोगियों को उनके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए तहे दिल से धन्यवाद देती हूं।’’
रॉबर्ट्स ने जैक्सन का ‘‘अदालत में का स्वागत किया।’’ समारोह का अदालत की वेबसाइट पर सीधा प्रसारण किया गया।
जैक्सन, 2013 से एक संघीय न्यायाधीश थीं। वह तीन अन्य महिला न्यायाधीशों में शामिल होंगी जिनमें सोनिया सोतोमेयर, एलीना कगन और एमी कोनी बैरेट शामिल हैं। पहली बार चार महिलाएं नौ सदस्यीय अदालत में एकसाथ काम करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



