अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और जापान के नए प्रधानमंत्री फ़ुमिओ किशिदा शुक्रवार को एक ऑनलाइन बैठक करेंगे। दुनिया भर में कोरोना वायरस के ‘ओमीक्रोन’ स्वरूप के बढ़ते मामलों के बीच ज्यादातर बैठकें डिजिटल माध्यम से ही की जा रही हैं।
व्हाइट हाउस ने रविवार को बताया कि बैठक में अमेरिका और जापान के गठबंधन की ताकत का विशेष रूप से उल्लेख किया जाएगा। दोनों देश क्षेत्र में चीन की बढ़ती आर्थिक एवं सैन्य पकड़ के मद्देनजर अपने संबंधों को गहरा करने के लिए तत्पर हैं। किशिदा नवंबर में निर्वाचित हुए थे और दोनों नेताओं के बीच यह पहली बैठक होगी। अप्रैल में, बाइडन ने तत्कालीन प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा के साथ व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की थी, जो वार्ता के लिए वाशिंगटन आए थे।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने एक बयान में कहा कि बाइडन, ‘‘ मुक्त एवं स्वतंत्र हिंद-प्रशांत के लिए अपने साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने तथा कोविड-19 से लड़ने, जलवायु परिवर्तन से निपटने जैसे अहम मुद्दों और नयी एवं उभरती प्रौद्योगिकियों को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री किशिदा के साथ काम करने को इच्छुक हैं। ’’


Download Android App
Download iOS App



