उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरक सिंह रावत के निष्कासन पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) वंशवाद से दूर रहने और विकास के साथ चलने वाली पार्टी है। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि अब एक परिवार के एक ही व्यक्ति को टिकट दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि हमारी पार्टी में वो आए उन्होंने विकास के मामले में जो कहा हमने किया लेकिन हमारी पार्टी वंशवाद से दूर और विकास के साथ चलने वाली पार्टी है। कई बार उनकी कुछ बातों से हम असहज हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “उत्तराखंड के बीजेपी मंत्री हरक सिंह रावत अपने परिवार के सदस्यों के लिए पार्टी (पार्टी टिकट मांगने) पर दबाव डाल रहे थे, लेकिन हमारी एक अलग नीति है, परिवार के केवल एक सदस्य को चुनाव के लिए पार्टी का टिकट दिया जाएगा।”
मीडिया के सामने भावुक हुए रावत
दरअसल, बीजेपी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कैबिनेट के मंत्री हरक सिंह रावत को मंत्रिमंडल से और पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद रावत ने कांग्रेस में जाने का मन बना लिया है। उन्होंने खुद इस बात की पुष्टि भी कर दी है। कांग्रेस में जाने की घोषणा करते हुए रावत मीडिया के सामने भावुक हो गए।
कांग्रेस में शामिल हुए बिना भी कांग्रेस के लिए करूंगा काम : हरक सिंह रावत
बता दें कि 2017 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हरक सिंह रावत पिछले लंबे समय से बीजेपी से नाराज चल रहे थे। रावत लगातार अपनी नाराजगी को सार्वजनिक तौर पर जता भी रहे थे। बताया जा रहा है कि हरक सिंह रावत बीजेपी से अपने और अपनी बहू, दोनों के लिए विधानसभा का टिकट मांग रहे थे। लेकिन बीजेपी ने साफ तौर पर उन्हें यह कहते हुए मना कर दिया कि एक परिवार से दो लोगों को टिकट नहीं दिया जा सकता।


Download Android App
Download iOS App



