बीजिंग: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को सभी देशों से आग्रह किया कि वे ‘हत्यारे उत्तर कोरियाई परमाणु शासन’ को न तो असलहा मुहैया कराएं, न उसका वित्तपोषण करें और उसके साथ व्यापार को रोक दें। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ ग्रेट हॉल में संयुक्त कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि दोनों नेताओं ने उत्तर कोरियाई संकट को हल करने के लिए असफल तरीकों को नहीं दोहराने पर सहमति व्यक्त की है। बता दें कि ट्रंप चीन के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं।
राष्ट्रपति चिनफिंग के साथ वार्ता में ट्रंप ने कहा कि चीन उत्तर कोरिया से जुड़ी समस्या को आसानी से खत्म कर सकता है। यह कार्य वह उत्तर कोरिया के आर्थिक संपर्को को खत्म करके कर सकता है। ट्रंप ने इस कार्य में रूस का भी सहयोग मांगा है। अमेरिकी कंपनियों के लिए चीन द्वारा बाजार न खोले जाने की शिकायत के बावजूद इस बैठक के दौरान चीन के साथ अमेरिका ने 250 अरब डॉलर (करीब 16 लाख करोड़ रुपये) का बड़ा व्यापार समझौता किया। चिनफिंग ने कहा, चीन विदेशी कंपनियों के कामकाज के सहूलियतों और पारदर्शिता को बढ़ाना जारी रखेगा।
उन्होंने अमेरिकी कंपनियों से वन बेल्ट-वन रोड (ओबीओआर) प्रोजेक्ट में शामिल होकर सहभागिता बढ़ाने की अपील की। ट्रंप ने कहा कि व्यापार असंतुलन के लिए वह अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपतियों को जिम्मेदार मानते हैं, न कि चीन को। उन्होंने राष्ट्रपति चिनफिंग की प्रशंसा की और उन्हें ‘बहुत खास आदमी’ बताया। कहा, उन्हें विश्वास है कि दोनों देश मिलकर दुनिया की हर समस्या का समाधान कर सकते हैं। चिनफिंग ने कहा, सहयोग को बढ़ाना दोनों देशों की इच्छा है। दोनों देश मिलकर दुनिया के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
ट्रंप के दौरे को महत्व देते हुए चीन ने ऐतिहासिक ग्रेट हाल ऑफ पीपुल के बाहर स्वागत समारोह आयोजित किया। इस समारोह का अप्रत्याशित रूप से सरकारी टीवी चैनल पर लाइव प्रसारण किया।


Download Android App
Download iOS App



