कोलंबो : भारत के विरोध के बाद श्रीलंका ने इस महीने चीन के उस अनुरोध को ठुकरा दिया है, जिसमें उसने अपनी एक पनडुब्बी को कोलंबो में खड़ा करने की अनुमति मांगी थी। श्रीलंकाई सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के मद्देनजर सरकार का यह निर्णय बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि श्रीलंका ने पिछली बार अक्टूबर 2014 में एक चीनी पनडुब्बी को कोलंबो में खड़ा करने की इजाजत दी थी, जिसके बाद चीनी पनडुब्बी को खड़ा करने की इजाजत को लेकर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहचान गुप्त रखे जाने की शर्त पर कहा कि चीन ने इस महीने कोलंबो में अपनी एक पनडुब्बी को खड़ा करने का अनुरोध किया था।
उन्होंने कहा कि भारत की चिंताओं को देखते हुए, किसी भी समय पनडुब्बी को खड़ा करने के चीन के अनुरोध को स्वीकार करना श्रीलंका के लिए संभव नहीं है। रक्षा मंत्रालय के एक अन्य अधिकारी ने भी यह कहा कि चीन की इस महीने की मांग को खारिज कर दिया गया था। कोलंबो में चीनी दूतावास के एक करीबी सूत्र ने इस बात की पुष्टि की है।
(वार्ता)


Download Android App
Download iOS App



