उत्तरी इराक में एक रहस्यमय हेलीकॉप्टर दुर्घटना में प्रतिबंधित कुर्द विद्रोही समूह से जुड़े चरमपंथियों सहित कम से कम पांच लोग मारे गए।
इराकी कुर्द द्वारा संचालित आतंकवाद-रोधी संगठन और क्षेत्र प्रमुख के बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
आतंकवाद-रोधी संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा कि एक एएस350 यूरोकॉप्टर हेलीकॉप्टर बुधवार रात इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र स्थित दोहुक प्रांत के चमांके जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
कुर्दिश क्षेत्र के प्रमुख नेचिरवन बरजानी के प्रवकता लॉक गुफरी ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हेलीकाप्टर के स्वामित्व की जांच सुरक्षा अधिकारियों द्वारा की जा रही है।’’
दुर्घटनास्थल पर मौजूद एक जांचकर्ता ने कहा कि हेलीकॉप्टर में कम से कम सात लोग सवार थे।
बयान में कहा गया है कि हेलीकॉप्टर प्रतिबंधित कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी या पीकेके के चरमपंथियों को ले जा रहा था।
यह घटना रहस्य बनी हुई है, क्योंकि अभी तक किसी भी पार्टी ने सैन्य हेलीकॉप्टर के स्वामित्व का दावा नहीं किया है।
पीकेके के प्रवक्ता जाग्रोस हिवा ने कहा कि समूह के पास हेलीकॉप्टर नहीं है और इस घटना की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



