जेल में नवाज शरीफ की हालत बिगड़ी : मरियम

Summary :

मरियम ने ट्वीट किया, खून की जांच से पता चला कि उनका क्रिटनिन स्तर बढ़ गया है जिसका मतलब है कि उनकी किडनी की स्थिति खराब हो गई है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की किडनी की बीमारी के कारण जेल में हालत बिगड़ गई। एक दिन पहले उनके परिवार ने उनसे मुलाकात की थी उनके स्वास्थ्य पर चिंता जताई थी। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार में रविवार को प्रकाशित एक खबर के अनुसार, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सुप्रीमो की बेटी मरियम नवाज ने देश के गृह मंत्रालय से अनुमति मिलने पर यहां कोट लखपत जेल में शरीफ के निजी चिकित्सक अदनान खान के साथ उनसे मुलाकात की।

इसके बाद मरियम ने शनिवार को उनकी खराब होती सेहत के बारे में ट्वीट किया। शरीफ (69) गत वर्ष दिसंबर से ही जेल में बंद हैं। वह अल अजीजिया स्टील मिल घोटाला मामले में सात साल कैद की सजा काट रहे हैं। अपने पिता से मिलने के बाद मरियम ने ट्वीट किया कि उनकी किडनी की बीमारी तीसरे चरण पर पहुंच गई है और उन्हें बांह में दर्द महसूस होता है।

maryam_sharif

मरियम ने ट्वीट किया, ”कल हुई खून की जांच से पता चला कि उनका क्रिटनिन स्तर बढ़ गया है जिसका मतलब है कि उनकी किडनी की स्थिति खराब हो गई है। उनकी किडनी की बीमारी पहले ही तीसरे चरण पर है। कमर में दर्द बना रहता है।”

नवाज शरीफ के उपचार को लेकर सरकार और पीएमएल में खींचतान

अखबार में कहा गया है कि मरियम ने यह भी कहा कि अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उनसे नवाज की बीमारी का पता लगाने और उनके निजी चिकित्सक की मौजूदगी में इलाज करने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञ को जेल में भेजने का अनुरोध किया गया है।

दोनों ने करीब दो घंटे तक मुलाकात की जिस दौरान शरीफ ने बताया कि उनका खून का नमूना लिया गया है और उन्हें रिपोर्टों के बारे में भी सूचित किया गया है। उन्होंने अपनी किडनी की बीमारी के बारे में भी बताया। इस बीच, जेल के बाहर एकत्रित हुए पीएमएल-एन कार्यकर्ताओं ने मरियम के पहुंचने पर पार्टी के नारे लगाए और जेल की इमारत के बाहर लगाए बैरिकेड हटाने शुरू कर दिए। बाद में वे मरियम के अनुरोध पर पीछे हट गए।

Desk Team