नेपाल सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार हो रही वृद्धि के मद्देनजर सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन पर रोक को 31 मई तक बढ़ा दिया है। इस खतरनाक महामारी से हिमालयी राष्ट्र में अब तक 4,13,111 लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 4,084 मरीजों की जान जा चुकी है। देश की कुल आबादी करीब 2.95 करोड़ है।
नागर विमानन प्राधिकरण ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के निलंबन की अवधि को 31 मई तक बढ़ा दिया है। उसने कहा हालांकि काठमांडू-दिल्ली सेक्टर में सप्ताह में दो उड़ानें भारत और नेपाल के बीच बनी ‘एयर बबल’ व्यवस्था के तहत संचालित होंगी। इनमें से एक नेपाल एयरलाइंस की उड़ान हैं और दूसरी एअर इंडिया की।
नेपाल ने तीन मई की मध्य रात्रि से सभी घरेलू और सात मई से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को कोरोना के प्रसार को रोकने के लिये 14 मई तक स्थगित करने का फैसला किया था। इस बीच काठमांडू घाटी में 29 अप्रैल को लागू की गई निषेधाज्ञा को प्रसार रोकने के लिये 27 मई तक बढ़ा दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App


